सिहुंता में सो रही महिला पर दराटी से हमला
संवाद सूत्र, सिहुंता : क्षेत्र में दो महिलाओं के बीच हुई हिंसक वारदात इन दिनों चर्चा में है। एक महिला ने पुलिस में मामला दर्ज करवाते हुए दूसरी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पीड़ित महिला रंजना देवी पत्नी विरेंद्र निवासी मलाड़ी सिहुंता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि रंजना पत्नी संजीव कुमार ने उस पर जानलेवा हमला किया है। जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई है। आरोपी महिला ने पीड़ित पर उस समय हमला किया जब वह घर के आंगन में सो रही थी। महिला अचानक दराटी लेकर उस पर टूट पड़ी और इससे उसकी बाजू में गंभीर चोटें आ गई हैं। पीड़ित महिला ने किसी तरह खुद को आरोपी महिला के चंगुल से छड़ाया। उधर, इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस अधीक्षक डीके चौधरी ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। महिला से हमले के कारणों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले में सभी पक्ष साफ हो जाएंगे।