जिला में रोपे जाएंगे 16 लाख पौधे : भरमौरी
संवाद सूत्र, होली : वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने बुधवार को भरमौर से लगभग 60 किलोमीटर दूर त्रेहता वन परिक्षेत्र के देवल में 85वें मंडल स्तरीय वन महोत्सव का देवदार का पौधा लगाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश भर में 17 हजार पांच सौ हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 25 फीसद जंगली फलदार प्रजातियां लगाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में 45 लाख औषधीय पौधे भी रोपे जाएंगे। इसके अंलावा प्रदेश में 90 जड़ी बूटियों के दोहन के लिए परमिट जारी करने का निर्णय भी लिया गया है। वन मंत्री ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि वन औषधियों का दोहन वैज्ञानिक विधि से किया जाए, ताकि इनका उपयोग दीर्घकाल तक सुनिश्चित किया जा सके। वन मंत्री ने कहा कि चंबा जिला में इस वर्ष 1532 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के 16 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। सरकार ने 71 बंद पड़ी नर्सरियों को पुन: चालू करके उनमें 13 लाख पौधे तैयार किए हैं। चंबा जिले में कुल 161 नर्सरी हैं। जिनमें 86 लाख पौधे पौधरोपण हेतु उपलब्ध हैं। वन मंत्री ने कहा कि पर्यावरण के साथ छेड़छाड़ को कतई सहन नहीं किया जाएगा। होली क्षेत्र में निर्माणाधीन कंपनियों में मजदूरों के ठहरने के लिए लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कार्य शीघ्र करवाया जाएगा। जिसके लिए उन्होंने प्रशासन को निर्देश दे दिए हैं। इस मौके पर वन मंत्री ने स्थानीय प्रधानों द्वारा रखी गई मांगों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश प्रशासन को दे दिए हैं। देवल से क्यूर मार्ग का कार्य भी शीघ्र किया जाएगा।
इससे पूर्व वन एवं मत्स्य मंत्री ने भरमौर में 29 लाख रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित होने वाले पर्वतारोहण भवन के समीप से संचूई मेला ग्राउंड से होते हुए घराड़ू तक जाने वाली सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को भरमाणी माता मंदिर को जाने वाले रास्ते को पक्का करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ब्रह्मा नंद, टीएससी सदस्य भजन सिंह ठाकुर, संचूई पंचायत प्रधान कमलेश, निदेशक वन निगम संजय ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एंवं कर्मचारी मौजूद रहे।