परछोड़ में जर्जर हुआ लकड़ी का पैदल पुल
संवाद सूत्र, बकलोह : भटियात विधानसभा हलके के तहत परछोड़ गांव के लिए लाहड़ू-चुवाड़ी खड्ड पर दशकों पहले बनाया गया लकड़ी का पैदल पुल खस्ताहाल अवस्था में है। पुल के तख्ते व कड़ियां सड़ चुकी हैं। जिससे पुल से गुजरते हुए हर वक्त दुर्घटना का भय लगा रहता है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लाहड़ू-चुवाड़ी खड्ड पर बने पुल से नड्डल, परछोड़, जांबल व सलोह आदि गांव के लोगों को काफी सुविधा हुई थी। परंतु दशकों से आवश्यक मरम्मत व देखरेख के अभाव में वर्तमान में पुल जर्जर अवस्था में है। पुल के तख्ते व कड़ियां सड़ चुकी हैं। वहीं तेज हवा चलने पर पुल हिलने लगता है। सड़े-गले तख्तों की वजह से हर समय दुर्घटनाओं का भय लगा रहता है। लोगों का कहना है कि उक्त पुल से रोजाना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परछोड़ में शिक्षा ग्रहण कर रहे सैकड़ों बच्चों सहित नड्डल, परछोड़, जांबल व सलोह के हजारों लोगों का आना-जाना होता है। लोगों का कहना है कि कई मर्तबा प्रशासन व सरकार से उक्त पुल की मरम्मत करवाने की मांग की गई। परंतु न तो प्रशासन और न ही सरकार पुल की मरम्मत की ओर कोई ध्यान दे रही है। लोगों का कहना है कि समय रहते यदि पुल की मरम्मत नहीं की गई तो यहां कभी भी कोई हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से परछोड़ गांव के पुल की सुध लेने की गुहार लगाई है।