पठानकोट-लाहुल वाया भरमौर बनेगा राष्ट्रीय मार्ग
संवाद सहयोगी, चंबा (मंडी) : पठानकोट-भरमौर मार्ग को लाहुल-स्पिति तक पहुंचाया जाएगा। देश की सुरक्षा के लिहाज से यह कार्य होना अति आवश्यक है। यह शब्द मंडी संसदीय क्षेत्र की कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने चंबा में बुधवार को प्रेसवार्ता में कहे।
उन्होंने कहा कि इसके लिए जरूरी है कि कांग्रेस सरकार इस बार भी केंद्र में पूर्ण बहुमत के साथ काबिज हो। कांग्रेस सरकार ने जिस घोषणा पत्र पर गत विधानसभा चुनाव जीते हैं। उस घोषणा पत्र को सरकारी दस्तावेज बनाया है। क्योंकि इस घोषणा पत्र के तहत लगभग सभी घोषणाओं को अमली जामा पहनाया जा चुका है। उन्होंने केंद्र की यूपीए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए कहा कि इससे देश के करोड़ों लोग लाभांवित हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं पर बेबुनियादी आरोप लगाने वाली भाजपा के नुमाइंदों को आगाह करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ अनाप शनाप बयान देना बंद करें। उन्होंने अपना चुनावी प्रचार कार्यक्रम रामपुर विधानसभा से शुरू किया है। जिसके चलते वह अपने हर विस क्षेत्र में दो-दो दिन का समय दे रही हैं।
इस मौके पर पिछले काफी समय से जनजातीय क्षेत्र पांगी और होली के लोगों की मांगों के संबंध में टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि होली से उतराला सुरंग को जहां केंद्र सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं चैहणी पास सुरंग का प्रस्ताव भी केंद्र के समक्ष प्रस्तावित है। कांग्रेस सरकार ने केंद्र और प्रदेश में डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में जितना विकास किया है। उतना भाजपा कभी सपने में सोच भी नहीं सकती है।