विरोधियों पर जमकर बरसे शांता
संवाद सहयोगी, चंबा : कांग्रेस देश चलाने में विफल साबित हुई है। आज देश में गरीबी, महंगाई, नकस्लवाद व बेरोजगारी की समस्या काफी मात्रा में पनप रही है। जिसके चलते देश का हर वर्ग हताश और निराश दिख रहा है। मौजूदा केंद्र सरकार इन सब चीजों से बेखबर आम जनता को पीस रही है। ये बात मंगलवार को चंबा-कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी शांता कुमार ने चंबा चौगान नंबर दो में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी की समस्या के चलते देश के 80 जिलों में भयंकर नक्सलवाद बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार के कारण गरीब लोग आत्महत्या तक करने को मजबूर हो गए हैं। भ्रष्टाचार के कारण देश की सेना भी कमजोर हो गई है। आज हर कोई देश में बदलाव देखना चाहता है और इसी बदलाव की लहर पूरे देश में देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश को लूट कर उनके साथ धोखा कर रही है। आए दिन दिल्ली में बलात्कार हो रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा का अभाव है। देश के शहीद भगत सिंह ने जिस भारत का निर्माण करने की सोची थी वो कहीं गुम हो गया है भ्रष्टाचार चरम सीमा तक पहुंच गया है। इस भ्रष्टाचार का खात्मा करना होगा। तभी एक प्रगतिशील भारत का निर्माण होगा। भाजपा शहीदों के सपनों के भारत का निर्माण कर हर वर्ग का समान विकास करेगी।
उन्होंने बताया कि एक टीवी सर्वे के मुताबिक 74 प्रतिशत लोग चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी की सरकार बने। इन 74 प्रतिशत लोगों में 50 प्रतिशत लोग युवा हैं। जो नरेंद्र मोदी को ही प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने समस्त जनता से आह्वान किया कि वो पार्टी के नाम पर नहीं देश के नाम पर वोट दें, जिससे देश विकास की ओर बढ़ सके।