पंगोला नाला में वाहन गिरा चालक घायल
संवाद सूत्र, तीसा : चंबा-तीसा मार्ग पर नकरोड़ नामक स्थान से सवारियों को छोड़ कर वापस आ रही एक टैक्सी पंगोला नामक स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त होकर लगभग ढाई सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि चालक ने चलते वाहन से छलांग लगा दी थी। जिसके चलते वह सड़क पर ही गिर गया। जहां उसे मामूली चोटें आई हैं। लेकिन वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार यह वाहन नकरोड़ के एक स्थानीय व्यक्ति का था। जो गत वीरवार रात लगभग नौ बजे कुछ सवारियों को लेकर तीसा छोड़ने गया था। जहां से वापस आते समय पंगोला नाला नामक स्थान पर वहां अचानक भेड़-बकरियां सामने आ जाने के चलते उससे यह टैक्सी वाहन फोर्स नंबर एचपी 01 सी 0740 अचानक अनियंत्रित होकर खाई की ओर लुढ़कने लगा। इतने में वाहन चालक रशीद मुहम्मद ने स्थिति को भांपते हुए। तुरंत वाहन से बाहर छलांग लगा दी। जिसके बाद वाहन पंगोला नाला में लगभग ढाई सौ मीटर लुढ़कता हुआ चला गया। हालांकि इस घटना के चलते किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जबकि चालक को भी प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे गई है। उधर इस मामले के चलते शुक्रवार सुबह पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामला दर्ज कर लिया है।