पिछले साल खरीदी बसें खड़ी क्यों : शंकर
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने निगम में कथित फर्जीवाड़े और भ्रष्टाचार को बेनक
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने निगम में कथित फर्जीवाड़े और भ्रष्टाचार को बेनकाब करने का ऐलान कर दिया है। 25 व 26 फरवरी को होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संघ के पदाधिकारी इसका खुलासा करेंगे। बैठक में इसके लिए आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष शंकर ¨सह ठाकुर ने परिवहन मंत्री जीएस बाली पर निशाना साधते हुए कहा कि गत वर्ष खरीदी गई सैकड़ों बसें आखिर क्यों बेकार खड़ी हैं। अनुबंध पर दिन रात कार्य कर रहे हजारों कर्मचारियों को परिवहन मंत्री इन चार वर्षों में न्यूनतम वेतन तक नहीं दे सके। परिवहन मंत्री द्वारा बढ़ाया गया वेतन अभी भी न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 के तहत प्रदेश सरकार द्वारा 12-10-2015 को जारी अधिसूचना से बेहद कम है। श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए देश की संसद ने न्यूनतम अधिनियम 1948 बनाया है और प्रदेश सरकार द्वारा ही इसकी अधिसूचना जारी की गई है। पूर्व भाजपा के सरकार में 18 जून 2012 को निगम के कर्मचारियों के साथ हुए लिखित समझौते को जब तक लागू नहीं किया जाता उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने परिवहन निगम द्वारा यात्रियों के लिए दी जा रही 25 रुपये की राजीव थाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। परिवहन मंत्री इस विषय पर भी जनता से झूठ बोल रहे हैं। मंत्री की घोषणा के बाद बिलासपुर में यात्रियों को किसी प्रकार की राजीव थाली नहीं मिल रही है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में निगम के भ्रष्टाचार को बेनकाब करने के लिए रणनीति बनाकर इन सबका खुलासा किया जाएगा।