एंबुलेंस सुविधा से महरूम रहे मरीज, तीमारदार
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 108, 102 नंबर एंबुलेंस सेवा मरीजों और तीमारदा
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 108, 102 नंबर एंबुलेंस सेवा मरीजों और तीमारदारों के लिए असुविधा बनती नजर आ रही है। इन एंबुलेंस पर कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी मांगों के लिए कड़ा रवैया अख्तियार किया है। वीरवार को प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते बिलासपुर में भी एंबुलेंस के पहिये थमे रहे। एंबुलेंस सुविधा नहीं मिलने के कारण लोगों को मजबूरी में निजी वाहन किराये पर करने पड़े। इससे जहां उन्हें परेशान होना पड़ा, वहीं भारी-भरकम राशि भी खर्च करनी पड़ी।
वीरवार को जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में किसी भी मरीज को एंबुलेंस सुविधा नहीं मिल पाई। जिला में नौ अस्पतालों में 108 नंबर एंबुलेंस हैं। स्थायी रूप से इन एंबुलेंस को चलाने के लिए कंपनी द्वारा 65 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इनमें छह कर्मचारी 102 नंबर एंबुलेंस के हैं, लेकिन सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल पर गए कर्मचारियों के मोबाइल फोन दिनभर बंद रहे। हालांकि मरीजों ने 108 नंबर एंबुलेंस सेवा के लिए संपर्क किया, लेकिन उन्हें सुविधा नहीं मिल पाई। 108, 102 नंबर एंबुलेंस पर कार्यरत स्टाफ ने वेतन बढ़ाने के साथ ही उनका नियमितीकरण व ओवरटाइम देने की मांग उठाई है।
निर्धारित समय से ज्यादा काम लेने का लगाया आरोप
एंबुलेंस कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे निर्धारित समय से ज्यादा कार्य लिया जा रहा है। बहरहाल, यदि इन कर्मचारियों की समस्या का समाधान नहीं हुआ हड़ताल लंबी ¨खच सकती है। हड़ताल के कारण मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशान होना पड़ा। इस कारण उन्हें निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
उच्च अधिकारियों को करवाया है अवगत
108 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी साहिल शर्मा का कहना है कि कर्मचारी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। प्रबंधन को इसकी जानकारी दे दी गई है और इस दिशा में उन्हें मनाने को लेकर प्रयासरत हैं। जिले में भी इस कारण सेवाएं प्रभावित हुई हैं।