संगरूर में सजता है मूर्ति बेचने के लिए बाजार
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : पंजाब के संगरूर में मूर्ति बेचने के लिए बाजार सजता है। बिलासपुर पुलिस की
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : पंजाब के संगरूर में मूर्ति बेचने के लिए बाजार सजता है। बिलासपुर पुलिस की जांच में यह बात उजागर हुई है। इससे प्रदेश से चोरी मूर्तियों के मामले में कई अहम सुराग हाथ लग सकते हैं। जिला पुलिस इस संबंध में पड़ताल में जुट गई है।
बिलासपुर पुलिस को मूर्ति बेचने के बाजार के संबंध में जानकारी काफी छानबीन के बाद पता चली है। दो बार संगरूर जाने पर पुलिस ने इस बाजार का पता लगाया है। हालांकि, अभी तक विक्रेताओं तक पुलिस नहीं पहुंची है पर पुख्ता सूचना है कि मूर्तियों की बिक्री का कारोबार वहां होता है। बिलासपुर पुलिस ने इसी महीने घुमारवीं में मूर्ति के साथ पकड़े गए लोगों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी हासिल की थी। पुलिस इस दिशा में प्रयासरत थी कि चोरी की गई मूर्तियों को किस स्थान पर बेचा जाता है। पुलिस पकड़े गए लोगों से अधिक जानकारी ले पाती, आरोपी जमानत पर रिहा हो गए। पुलिस ने जांच कर अधिकारियों को संगरूर भेजा और वहां इस बाजार का पता लगाया। हाल ही में कुल्लू से चोरी मूर्तियों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। यदि ये मूर्तियां राज्य से बाहर चली गई हैं तो संगरूर में इनकी बिक्री की संभावना हो सकती है। संगरूर से हिमाचल में मूर्ति चोर गिरोह के संबंध में भी सूचना हाथ लग सकती है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि बिलासपुर से पुलिस दल को संगरूर भेजा गया था। जांच में सामने आया है कि वहां पर मूर्तियों की बिक्री की जाती है। फिलहाल पुलिस जानकारी जुटा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। मूर्ति चोरी व बिक्री में संलिप्त लोगों तक पहुंचने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।