फोरलेन कार्य में बाधा डालने पर 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
संवाद सूत्र, स्वारघाट : पुलिस ने स्वारघाट के पास फोरलेन के कार्य में बाधा डालने पर 20 लोगों के खिलाफ
संवाद सूत्र, स्वारघाट : पुलिस ने स्वारघाट के पास फोरलेन के कार्य में बाधा डालने पर 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस थाना स्वारघाट ने यह कार्रवाई की है।
पांच लोगों पर उनके नाम के आधार पर मामला दर्ज हुआ है। अन्य 15 अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है जिनकी तस्वीरें प्रदर्शन के दौरान कैमरे में कैद हैं। सोमवार को स्थानीय लोगों ने कैंचीमोड़ के पास फोरलेन के कार्यस्थल पर धरना-प्रदर्शन किया था। उनकी कंपनी प्रबंधन व पुलिस के साथ नोंकझोंक भी हुई थी। कंपनी प्रबंधन ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनकारियों ने बिना सूचना दिए धरना-प्रदर्शन किया था। सुरंग के पास कर्मचारियों के अलावा अन्य किसी को भी जाने की अनुमति नहीं होती हैं परंतु प्रदर्शनकर्ता वहां चले गए व काम बंद करवा दिया। इससे उनकी निर्माण सामग्री खराब हो गई। एएसआइ अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। यह विवाद काफी पुराना है। मांगों के पूरा न होने पर स्थानीय लोग शिवसेना के अध्यक्ष रमेश ठाकुर की अगुवाई में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय युवाओं को योग्यतानुसार रोजगार दिया जाए व स्थानीय मशीनरी का प्रयोग हो। भूमि प्रभावित मामले की जांच हो, प्रभावित पेयजल, रास्तों, सड़क, कूहलों व मार्गो में सुधार के साथ अधिग्रहित भूमि के बदले दोगुनी जमीन का आवंटन किया जाए। मुआवजा केंद्र सरकार के तय नियमानुसार दिया जाए और फलदार पौधों का अलग से मुआवजा मिले। समस्याओं को हल करने के लिए उपयुक्त एजेंसी गठित हो। इसके अलावा किसानों को एक समान मुआवजा दिया जाए।