हिमाचल के मुद्दों पर बड़ी उपलब्धि हासिल करने में वीरभद्र नाकाम : नड्डा
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जनता को स्पष्ट करें कि क्या कारण हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी उनसे दिल्ली में नहीं मिलती हैं?
नड्डा ने सदर विधानसभा हलके में प्रचार अभियान के दौरान बिलासपुर शहर में आयोजित कार्यकर्ता सभा में कहा कि वीरभद्र सिंह व उनकी कैबिनेट के तमाम मंत्री केंद्र सरकार के यहां हिमाचल के हितों के मुद्दों पर बड़ी उपलब्धि हासिल करने में पिछले एक साल में बुरी तरह से विफल साबित हुए हैं। अब वीरभद्र सिंह को ही बताना होगा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्रीत्व काल में पिछले एक वर्ष में हिमाचल के हितों की क्यों उपेक्षा कर गई? कुछ संगीन आरोपों से घिरे हुए वीरभद्र सिंह का इस बार मुख्यमंत्री बनना एक ऐतिहासिक दुर्घटना थी। वीरभद्र सिंह ने पिछले एक वर्ष में अपने कार्यकाल में सिर्फ जांच करवाई और अपने राजनीतिक शत्रुओं को निपटाने पर ही पूरा जोर लगा दिया। वह प्रदेश में मुख्यमंत्री रहते हुए सिर्फ अपना एक प्रतिशोध का एजेंडा लेकर ही सरकार चला रहे हैं। नड्डा ने कहा कि जब भी वीरभद्र सिंह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से हिमाचल के ऐसे हितों की बात करने के लिए गए तो उन्होंने उनसे मिलने से इन्कार कर दिया? आखिर क्यों वीरभद्र सिंह सोनिया गांधी के आगे अपनी इतनी हैसियत बना पाए हैं? वीरभद्र सिंह अपने कैबिनेट मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को लेकर कई दिन तक दिल्ली में केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा के यहां औद्योगिक पैकेज बढ़वाने के लिए डेरा डाले रहे लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहते हुए भी राज्य को पिछले एक वर्ष में औद्योगिक पैकेज के विस्तार का तोहफा कांग्रेस ने सबकुछ हाथ में होते हुए भी नहीं दिया है। उन्हें इस बात की भी हैरत होती है कि बिलासपुर जिले के लिए बनने वाले हाईड्रो इंजीनियरिंग कालेज को रूकवाने में भी वीरभद्र सिंह का हाथ रहा है। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, सुभाष ठाकुर, सुभाष शर्मा, मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, अश्वनी डोगरा, तुषार डोगरा, कमल गौतम, रजनी शर्मा, नीना कौशल, स्वतंत्र सांख्यायन, शिव पाल मनहंस, आदि मौजूद रहे।