5 में हैं पावर
हमारे खानपान से जुड़ी बहुत सी ऐसी चीजें हैं, जिनकी खूबियों के बारे में हम अंदाजा ही नहीं लगा पाते हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ खाद्य सामग्री के बारे में...
1. गुड़
दादी-नानी के जमाने में तो जाड़े के दिनों में विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री बनाने के लिए गुड़ का इस्तेमाल खूब होता था, लेकिन बदलते समय के साथ यह हमारे रोज के खानपान से गायब होता गया। वैज्ञानिकों का कहना है कि गुड़ का सेवन हमारी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। आप केवल ऐसे ही गुड़ का सेवन कर सकती हैं या फिर इससे विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री भी बना सकती हैं। शक्कर के मुकाबले गुड़ का सेवन सेहत के लिए बहुत लाभकारी है। यह न केवल हमारे पाचन तंत्र को सही रखता है, बल्कि थकावट भी दूर करता है। गुड़ की चाशनी में तिल, मूंगफली, ज्वार, मक्का, चना, बादाम आदि मिलाकर भी सेवन किया जा सकता है। गुड़ में ढेर सारे खनिज तत्व पाए जाते हैं। इसमें आयरन काफी मात्रा में पाया जाता है। यह कब्ज को भी दूर करने में सहायक है। जिंक, सेलेनियम व आयरन से भरपूर होने के कारण यह खून की कमी वाले लोगों के लिए भी लाभकारी है। इसके साथ ही यह शरीर के हानिकारक तत्व बाहर निकालकर शरीर को अंदर से स्वस्थ रखता है। हां, अगर आप किसी प्रकार की बीमारी से ग्रसित हैं तो पहले अपने चिकित्सक से अवश्य परामर्श कर लें।
2. अमरूद
हेल्थ एक्सपट्र्स का कहना है कि ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं है कि स्वास्थ्य के लिहाज से यह कितना फायदेमंद है। कई शोध-अध्ययनों से यह बात साबित हो चुकी है कि संतरे के मुकाबले अमरूद में अधिक विटामिन सी पाया जाता है। इस वजह से यह सर्दी-जुकाम से राहत देता है। इसमें फाइबर भी काफी मात्रा में पाया जाता है, खासकर इसके बीजों में। इसीलिए इसके बीजों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। अमरूद में कॉपर, मैग्नेशियम, मैंग्नीज, ल्यूटिन, आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम आदि पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि अमरूद के सेवन से पाचनतंत्र सही रहता है। अगर आप अपना वजन कम करना चाहती हैं तो अमरूद का सेवन आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इसमें विटामिन-ए, बीटा कैरोटिन, लाइकोपीन जैसे लाभदायक तत्व भी पाए जाते हैं। यह एजिंग की प्रक्रिया को धीमा करने के साथ ही कैैंसर और संक्रमण से भी बचाव करता है।
3, चुकंदर
वैसे तो आप इसका सेवन पूरे साल कर सकती हैं, लेकिन सर्दी के दिनों में इसका सेवन अधिक फायदेमंद होता है। चुंकदर का सेवन हृदय और लिवर के लिए भी लाभदायक है। न्यूरो स्पेशलिस्ट का कहना है कि चुकंदर दिमाग में खून का प्रवाह सही रखता है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जाड़े के दिनों में शरीर का मेटाबॉलिज्म लो हो जाता है। ऐसे में हमें ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए, जिनमें कैलोरी कम मात्रा में हो, लेकिन पोषक तत्व काफी हों। हाल ही में हुए अध्ययनों से पता चला है कि चुकंदर के सेवन से ब्लड प्रेशर सही रहता है। यह मोटापे को भी रोकता है और त्वचा व बालों के लिए भी लाभदायक है। फाइबर से भरपूर होने के कारण यह पाचनतंत्र को सही रखता है और कब्ज की शिकायत को भी दूर करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि चुकंदर का रस शरीर में पहुंचकर तुरंत एनर्जी देता है। इसकी पत्तियों में कैैंसर को रोकने वाले तत्व भी पाए जाते हैं।
4. तिल
सर्दियों के मौसम में तिल का सेवन शरीर के लिए काफी लाभदायक होता है। तिल खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है तिल में कई प्रकार के प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन, मैंग्नीज, जिंक, मैग्नेशियम, सेलेनियम और कार्बोहाइट्रेड आदि तत्व पाए जाते हैं। इसका सेवन करने से तनाव दूर होता है। साथ ही त्वचा में भी निखार आता है। तिल ब्लड सर्कुलेशन को सही रखता है। तिल का तेल भी बहुत फायदेमंद होता है। इससे मालिश करने पर यह त्वचा में आसानी से मिल जाता है और त्वचा को अंदर से पोषण देता है। यह एंटी-बैक्टीरियल भी होता है। तिल के सेवन से कैल्शियम की आवश्यकता पूरी होती है और तनाव भी दूर होता है। फटी हुई एडिय़ों पर गर्म तिल के तेल में सेंधा नमक और मोम मिलाकर लगाने से फायदा होता है। अगर आपका बच्चा सोते समय पेशाब करता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं। भुने काले तिलों को गुड़ के साथ मिलाकर लड्डू बनाकर बच्चे को हर रोज रात में सोने से पहले खिलाइए।
5. सरसों का साग
सरसों की पत्तियों में विटामिन के, ए, सी, ई, कॉपर, कैल्शियम, पोटैशियम, सेलेनियम, जिंक आदि पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें कैलोरी काफी कम मात्रा में होती है, जबकि फाइबर अधिक मात्रा में पाया जाता है। इस कारण यह कोलेस्ट्राल को भी नियंत्रित करता है। सरसों की पत्तियों के सेवन से अर्थराइटिस, ऑस्टियोपोरोसिस, एनीमिया, अस्थमा, कोलन व प्रोस्टेट कैैंसर से बचाव होता है।
इला शर्मा