कोहरे से दिन में ही वाहन चालकों को जलानी पड़ी लाइट
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को घना कोहरा छाया रह
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को घना कोहरा छाया रहा और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। दिन में ही वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। उधर, सुबह के समय ठंड ज्यादा होने से अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, खांसी और इंफेक्शन के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
सुबह उठते ही लोगों को कोहरा छाया दिखाई दिया। कुछ क्षेत्रों में आधी रात से ही कोहरा छाना शुरू हो गया था। सुबह के समय लोगों को अपने गंतव्य पर पहुंचने में काफी परेशानी हुई। दोपहिया वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
रामपाल, जयप्रकाश, जोगध्यान, जनार्धन आदि ने बताया कि वह विभिन्न संस्थानों में कार्यरत हैं। उन्हें सुबह आठ बजे ड्यूटी पर पहुंचना होता है। गर्मी के दिनों में वह आसानी से समय पर पहुंच जाते थे। अब काफी परेशानी होती है। मोटरसाइकिल से जाते हुए पहले की अपेक्षा ज्यादा समय लगता है। कार्यस्थल पर पहुंचने तक हाथ-पांव ठंडे हो जाते हैं। वहां पहुंचने पर भी सामान्य होने में काफी समय लग जाता है। इसके बाद ही वह काम पर लग पाते हैं। इस दौरान अधिकतम 24 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दिनों में भी कोहरा छाये रहने व मौसम खुश्क रहने की संभावना है।
गर्म कपड़ों व जूते की लगीं अस्थायीं दुकानें
ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ रही है। सड़क के किनारे व खाली पड़ी जगह कई अस्थायी दुकाने गर्म कपड़ों व जूते की लग गई हैं। कपड़ों के स्थाई विक्रेता भी सर्दी के कपड़ों को ज्यादा तवज्जों दे रहे हैं। कपड़ा विक्रेता विजेंद्र ¨सह ने बताया कि बड़ों की अपेक्षा बच्चों के कपड़ों में पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक डिजाइन आए हैं। सीजन होने के बावजूद बिक्री गत वर्षो की अपेक्षा कम है। नोटबंदी का असर कम होने के साथ ही बिक्री भी धीरे-धीरे बढ़ रही है।
फास्ट फूड की रेहड़ियों पर बढ़ी भीड़
ठंड बढ़ने के साथ फास्ट फूल की बिक्री बढ़ रही है। रहेड़ियों और दुकानों पर सूप की मांग अधिक की जा रही है। विक्रेता राजू ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ सूप की मांग बढ़ रही है। अक्टूबर की अपेक्षा अब वह दोगुणा टोमैटो सूप तैयार करता है। जो पूरा बिक जाता है। चाउमिन, स्प्रिंग रोल, चीज चिल्ली, मेनचूरियन की भी अच्छी मांग है। जो सर्दी के साथ और बढ़ने की उम्मीद है।
इनसेट
स्वास्थ्य के प्रति बरतें एहतियात
एमएस डॉ. दहिया का कहना है कि सर्दी के मौसम में तले और बासा खाने से परहेज करें। तला हुआ खाना आसानी से नहीं पच पाता। फास्ट फूड का परहेज रखें। इससे पाचन शक्ति के साथ शरीर के अन्य अंगों पर भी विपरित असर पड़ता है। सोने वाला कमरा पूरी तरह बंद नहीं करना चाहिए, बल्कि रोशनदान खुला रखें, यदि रोशनदान न हो, तो हल्की खिड़की खोलकर रखें, ताकि ताजी हवा अंदर आ सके।