टीचर के पति ने प्ले स्कूल में की बच्ची से छेड़छाड़
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : प्ले स्कूल में भी छोटे बच्चे सुरक्षित नहीं है। सावनपुरी में स्थित ए
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
प्ले स्कूल में भी छोटे बच्चे सुरक्षित नहीं है। सावनपुरी में स्थित एक प्ले स्कूल में आने वाली तीन साल की बच्ची से छेड़छाड़ की गई। छेड़छाड़ करने वाला ओर कोई नहीं बल्कि खुद स्कूल की टीचर का पति था। बच्ची ने घर जाकर सारी बात बताई तो परिजनों ने महिला थाने में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी की दुर्गा गार्डन कालोनी निवासी महिला ने थाना महिला पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी तीन वर्षीय बेटी सावनपुरी स्थित एक प्ले स्कूल में पढ़ती है। शुक्रवार को बेटी स्कूल में गई थी। दोपहर को जब उसकी बेटी घर पर आई तो वह काफी गुमसुम थी। उसने बच्ची से पूछा की आज टीचर ने स्कूल में क्या काम करवाया। तब उसने बताया कि टीचर उसे स्कूल की छत पर ले गई थी। इसके बाद टीचर उसे छत पर छोड़ कर नीचे आ गई। वहां पर टीचर का पति आया और उसे कमरे में ले गया। वहां पर उसने उसके साथ अश्लील हरकतें की। इस बात का उन्हें पता चला तो वे स्कूल में गए। पहले तो स्कूल टीचर ने ऐसा कुछ होने से मना कर दिया। फिर वे माफी मांगने लगे। लेकिन अपने व अन्य बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसने थाने में शिकायत दी। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर पोस्को एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
केस दर्ज कर लिया है : शीला
मामले की जांच कर रही महिला थाना कार्यवाहक इंचार्ज शीलावंती का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी स्कूल की अध्यापिका से पूछताछ की जा रही है। बच्ची ने खुद भी अध्यापिका व उसके पति की शिनाख्त की है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।