दो दिन बाद मिला नहर में डूबे किशोर का शव
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पश्चिमी यमुना नहर में नहाते समय डूबे किशोर गोली का शव बुधवार
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : पश्चिमी यमुना नहर में नहाते समय डूबे किशोर गोली का शव बुधवार दोपहर को हमीदा हेड पर नहर से बरामद हुआ। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला। शव करीब डेढ़ घंटे तक ऐसे ही नहर किनारे रखा रहा, लेकिन सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। काफी देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचाया गया। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चिट्टा मंदिर के निकट रहने वाला गोली सोमवार को चिट्टा मंदिर के पास पश्चिमी यमुना नहर में अपने साथियों के साथ नहा रहा था। इसी दौरान पानी के तेज बहाव में गोली बह गया। उसके साथ नहा रहे दूसरे किशोरों ने शोर मचा दिया। तब से परिजन और गोताखोर गोली की नहर में तलाश कर रहे थे। बुधवार को गोताखोर जब हमीदा हेड के पास उसे तलाश रहे थे, तो उसका शव पानी में मिला। गोताखोरों ने शव को बाहर निकलवाया। गोली के पिता सोनू का कहना है कि शव डेढ़ घंटे तक नहर किनारे रखा रहा, लेकिन सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। काफी देर के बाद एंबुलेंस पहुंची तो शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचाया।