अशोक तंवर ने हुडडा को झटका दे, पेश की चुनौती
शांतिभूषण, खरखौदा (सोनीपत): विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को कड़ी चुनौती पेश करने वाले
शांतिभूषण, खरखौदा (सोनीपत):
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को कड़ी चुनौती पेश करने वाले कांग्रेस के बागी पवन खरखौदा कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर के जन्म दिन के बहाने आयोजित रैली में पवन ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। रैली का आयोजन जहां तंवर गुट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है वहीं यह पूर्व मुख्यमंत्री हुडडा को झटका भी है।
वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान हुडडा गुट के बागी पवन खरखौदा को दोबारा कांग्रेस में शामिल कराकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने हुडडा को उनके गढ में ही झटका दिया है। पवन हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। यह पहला मौका है जब तंवर हुडडा के गढ में कोई बड़ा कार्यक्रम या रैली कर पाने में सफल हुए हैं। किलोई के बाद खरखौदा विधानसभा क्षेत्र को हुडडा का सबसे मजबूत गढ माना जाता रहा है। यही कारण रहा कि कांग्रेस के सी¨टग विधायक जयवीर से भारी नाराजगी होते हुए भी वह दोबारा जिले के कांग्रेस विधायकों में सबसे अधिक अंतर से जीत गए थे।
कांग्रेस से बगावत करने से पहले पवन खरखौदा पूर्व मुख्यमंत्री हुडडा के समर्थक थे तथा उनकी गिनती सांसद दीपेंद्र हुडडा के खास लोगों में होती थी, लेकिन टिकट न मिलने से नाराज पवन ने बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। चुनाव में कांग्रेस विधायक जयवीर को 37,829 वोट मिले थे तथा पवन ने 24,934 मत हासिल किए थे।
शुक्रवार को आयोजित रैली में जुड़ी भीड़ देखकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि भाजपा के डेढ साल के शासन में ही लोगों का सरकार से मोह भंग हो गया है। गांव व किसान भाजपा के एजेंडे से गायब हैं। वह केवल बहुराष्ट्रीय कंपनियों व पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।
दैनिक जागरण से बातचीत में तंवर ने कहा कि बात गुट की नहीं पार्टी की है, पवन के शामिल होने से कांग्रेस मजबूत हुई है। जिस संख्या में लोगों का हुजूम कार्यक्रम में उमड़ा है उससे साफ है कि उनको लोगों का समर्थन है और यह पार्टी को मजबूती प्रदान करेगा।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार तंवर ने हुडडा में शामिल रहे पवन खरखौदा को फिर से शामिल कराकर हुडडा को करारा झटका दिया है। इलाके में तंवर गुट मजबूत हुआ है। पहली बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के किसी व्यक्तिगत कार्यक्रम में इतनी भीड़ उमड़ी है। अभी तक तंवर खुद भी सोनीपत में बड़ा कार्यक्रम करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए थे।