किसानों के सहयोग से बढ़ेगा वन क्षेत्र
जागरण संवाददाता, गोहाना: वन विभाग पौधारोपण व वनक्षेत्र बढ़ाने में क्षेत्र के किसानों का सहयोग लेगा।
जागरण संवाददाता, गोहाना: वन विभाग पौधारोपण व वनक्षेत्र बढ़ाने में क्षेत्र के किसानों का सहयोग लेगा। इसके लिए वह किसानों को राष्ट्रीय व राजकीय मार्गाें के किनारे वाले खेतों में पौधरोपण के लिए जागरूक करेगा। इन किसानों को उन खेतों का दौरा भी करवाया जाएगा जहा पहले से पौधे लगे हुए है।
वन विभाग द्वारा पहले सड़कों के साथ लगती खाली जमीन में पौधे रोपे जाते थे। पिछले चार-पाच सालों में क्षेत्र की अधिकतर सड़कों का विस्तारीकरण हुआ है। विस्तारीकरण में सड़कें नए सिरे से बनी है तो साथ में उनकी चौड़ाई भी बढ़ाई गई है। इसके लिए सड़कों के साथ लगे पौधे काटने पड़े थे। इसके साथ ही पौधारोपण की जगह भी घट गई है। ऐसी स्थिति में वन विभाग ने उन किसानों को अपने खेतों में पौधारोपण के लिए जागरूक करने का निर्णय किया है जिनके खेत राष्ट्रीय व राजकीय मार्गाें के साथ सटे है।
इन मार्गो का हुआ चौड़ीकरण
गोहाना क्षेत्र में पानीपत-गोहाना-रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग-709 है। यह मार्ग पहले लगभग तीस फुट चौड़ा था। अब इसे और को चौड़ा कर फोर-लेन का बना दिया गया है। इस चौड़ीकरण के कारण काफी संख्या में पेड़ काटने पड़े थे। अब दोबारा से इस मार्ग के साथ पड़ी खाली जमीन में पौधे रोपे जा रहे है। इसी तरह से क्षेत्र में राजकीय मार्गाें में गोहाना-सोनीपत, गोहाना-जींद, गोहाना-खरखौदा, गोहाना-महम मार्गाें व गोहाना-सफीदों का विस्तारीकरण हुआ है। इससे सड़कों के किनारे बहुत कम खाली जगह रह गई है।
पिछले सीजन में सौ एकड़ में हुआ पौधरोपण
गोहाना क्षेत्र में पिछले एक साल में वन विभाग ने सड़कों के किनारे लगने वाले खेतों में लगभग सौ से अधिक एकड़ में पौधे लगवाए है। विभाग द्वारा इन खेतों में 50 हजार पौधे रोपे गए थे।
------
''सड़कों के साथ लगते खेतों में पौधरोपण के लिए विभाग ने विशेष योजना शुरू कर रखी है। विभाग द्वारा किसानों के खेतों में बहुत की कम खर्च पर पौधे लगवाए जाते है। किसान सफेदा या फलों के पौधे लगवा सकते है। इससे किसानों को सामान्य तौर पर उगाई जाने वाली फसलों से अधिक लाभ होता है। मौसम ठीक होने पर फरवरी माह के मध्यम से पौधे रोपने का अभियान शुरू किया जाएगा।''
-अशोक कुमार, वन राजिक अधिकारी, गोहाना।