जरूरतमंद की बेटी का दुल्हन बनने का सपना किया साकार
---फोटो: 32 ---- जासं, गोहाना : आर्य बज्र स्वाध्याय संघ अब जरूरतमंद परिवार की बेटियों के हाथ भी पी
---फोटो: 32 ----
जासं, गोहाना : आर्य बज्र स्वाध्याय संघ अब जरूरतमंद परिवार की बेटियों के हाथ भी पीले करवाएगा। इस नूतन संकल्प का शुभारंभ गंगाणा गांव के एक बेहद जरूरतमंद परिवार की लाडली के दुल्हन बनने का सपना साकार करते हुए किया गया।
आर्य बज्र स्वाध्याय संघ द्वारा रचाई गई पहली शादी में सगाई से विदाई तक का संपूर्ण व्यय वहन किया गया। यह शादी संघ के दिल्ली से पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष राम कुमार जैन के दिग्दर्शन में हुई। शादी की प्रभारी संघ की राष्ट्रीय महासचिव प्रतिभा जैन थीं। प्रतिभा इसी संघ द्वारा गोहाना में संचालित टीपीएस पब्लिक स्कूल की प्रबंध निदेशक भी है। शादी को स्कूल परिसर में संपन्न करवाया गया।
संघ के प्रतिनिधि दलबीर शास्त्री के अनुसार विदाई की बेला में दुल्हन को रोजमर्रा की जरूरत का पूरा सामान भेंट किया गया। नवविवाहित युगल को आशीर्वाद देने के लिए गोहाना की एसएस जैन सभा के अध्यक्ष वेद प्रकाश जैन और सचिव मुकेश जैन के साथ जुगमेंद्र जैन, अंबाला से चंदन जैन भी पहुंचीं। शास्त्री ने बताया कि आर्य वज्र स्वाध्याय संघ ने गच्छापति प्रकाश चंद जी और शेर-ए-हिंद सुंदर मुनि जी की प्रेरणा से नियमित रूप से जरूरतमंद कन्याओं की शादियां करवाने का फैसला किया है।