शोर-शराबे के बाद महिला का मामला हुआ दर्ज
-ससुराल पक्ष पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
जागरण संवाददाता, सोनीपत : शहर के चार मरला निवासी विकलांग महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि थाने में शिकायत के बाद भी शुरुआत में पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। बाद में शोर-शराबा होने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
चार मरला निवासी विकलांग पूनम ने बताया कि शादी के बाद उसका पति उसे तंग कर रहा है। उसके साथ मारपीट की जाती है। पूनम का आरोप है कि उसके मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई करने से मना कर दिया। मामले में कानूनी मदद के लिए उसने महिला थाना व सिविल लाइन थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। मामले में बृहस्पतिवार देर शाम महिला सिविल लाइन थाना में पहुंची और कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं करने पर महिला ने शोर-शराबा किया। बाद में डीएसपी दर्शनलाल मलिक व थाना प्रभारी नवीन संधू ने महिला का मामला दर्ज करवाया।