देवताओं के चीफ इंजीनियर थे भगवान विश्वकर्मा: राजीव जैन
जागरण संवादाता, सोनीपत: प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष राजीव जैन ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा देवताओं के चीफ इंजीनियर थे। उन्होंने देवताओं के लिए न केवल सुंदर नगरों का निर्माण किया, अपितु उनकी आवश्यकताओं के अनुसार आधारभूत सुविधाएं भी जुटाई।
राजीव जैन बुधवार को दुर्गा सेवा समिति द्वारा सेक्टर-15 आयोजित विश्वकर्मा जयंती समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। जैन ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने विमान, अस्त्र-शस्त्र का निर्माण भी किया, जिसके चलते देवता आसुरी शक्तियों पर विजय प्राप्त करके आम आदमी के जीवन को बेहतर बनाने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि उनका जीवन प्रत्येक कर्मशील व्यक्ति को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला है, इसलिए सभी को भगवान विश्वकर्मा से प्रेरणा लेकर लोक कल्याण का कार्य करते रहना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-यज्ञ से हुई, जिसमें सभी ने आहूतियां डाली। इस अवसर पर मनोज ठेकेदार, उमेश, सतनारायण, दया सिंह, महानंद, बिंदसरी, अरूण, सीताराम, गणेश, राजेश, दिना, काशीराम, रामा, कलीराम उपस्थित रहे।