मुख्यमंत्री की कलम विकास के लिए कभी नहीं रूकी: कुलदीप शर्मा
फोटो: 30
-दो अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री की जनसभा स्थल का दौरा किया
विकास के मामले में क्षेत्र का नक्शा ही बदल गया
जासं, गन्नौर :हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि गन्नौर के विकास के लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कलम कभी नहीं रूकी। ऐसा काम करने वाले की नीयत और देने वाले की नीयत का नेक होने का परिणाम है। जिससे विकास के मामले में क्षेत्र का नक्शा ही बदल गया है।
विधानसभा अध्यक्ष एवं गन्नौर हलका विधायक कुलदीप शर्मा ने बुधवार को दो अगस्त को नई अनाज मंडी में प्रस्तावित रैली के लिए आयोजन स्थल का दौरा किया आयोजन संबंधी तैयारियों पर विचार-विमर्श किया। इसके उपरात शर्मा ने बीएसटी स्थित कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित किया। इसके अलावा उद्देशीपुर, पुरखास और पाची जाटान में जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर विनोद धनखड़, सुरेद्र बैरागी, सतप्रकाश शर्मा, सुखबीर प्रधान, विरेद्र कैलाना, राममेहर, अनिल सैनी, बलराज कैलाना आदि मौजूद थे।
शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बिना सफलता की सीढ़ी चढ़ना संभव नहीं है। कार्यकर्ताओं की मेहनत की एवज में जनप्रतिनिधि का भी दायित्व बनता है कि वह कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दें, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता रहे। ऐसा बंद दरवाजों के भीतर रहकर नहीं अपितु कार्यकर्ताओं के बीच रहकर ही किया जा सकता है। इसके लिए विशेष वातावरण पैदा करने की जरूरत होती है, जिसका प्रयास उन्होंने किया है।
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को जनसभा को सफल बनाने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को दिखाना है कि गन्नौर की जनता उनके साथ है। सबको अपनी स्वयं की जिम्मेदारी समझकर काम करना है। इसके अलावा उन्होंने भाजपा शासन में बढ़ती महगाई और हरियाणा में भाजपा-हजका गठबंधन पर भी कटाक्ष किया।