तेज आंधी से मौसम में आया बदलाव
जागरण संवाददाता, सिरसा : सोमवार को आई तेज आंधी से मौसम में बदलाव आया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीष
जागरण संवाददाता, सिरसा :
सोमवार को आई तेज आंधी से मौसम में बदलाव आया। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिली। दोपहर बाद धूल भरी आंधी चलने से तापमान में तो गिरावट आई, मगर चारों तरफ रेतीला माहौल हो गया। घरों व कार्यालयों में मिट्टी ही मिट्टी नजर आई। आसमान भी पूरी तरह रेतीला हो गया। वहीं कुछ जगह पेड़ भी टूट कर सड़क पर गिर गए। जिससे कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। दोपहर से पहले तक जहां मौसम में खूब गर्मी बनी हुई थी, वहीं दोपहर बाद आंधी चलने से थोड़ी ठंडक महसूस हुई।
44 डिग्री तक पहुंच गया था पारा
गर्मी बढ़ने के साथ ही पारा भी 44 डिग्री तक पहुंच गया था। अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच चलता आ रहा है। गर्मी के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। दोपहर को तो बाजारों व सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है। अब मौसम में आए बदलाव के बाद लोगों को कुछ राहत महसूस हुई है। आंधी खत्म होने के बाद लोग घरों व कार्यालयों की सफाई में जुट गए। मौसम वैज्ञानिकों ने तो आंधी के बाद बारिश की भी संभावना जताई है। किसानों की मानें तो अगर इस समय बारिश होती है, तो उनके खेतों में कोई नुकसान होने की आशंका नहीं है।