पेट्रोलपंप कर्मचारी को बंधक बनाकर पति-पत्नी ने की थी लूटपाट
जागरण संवाददाता, रोहतक : दो माह पूर्व एक पेट्रोल पंप कर्मचारी को अपने घर में बुलाकर बंधक बनाकर लूटपा
जागरण संवाददाता, रोहतक : दो माह पूर्व एक पेट्रोल पंप कर्मचारी को अपने घर में बुलाकर बंधक बनाकर लूटपाट करने के मामले में एक पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले भी डकैती और अन्य वारदातों के मुकदमे पंजीकृत है। आरोपियों को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के यहां पेश करने के बाद सुनारिया जेल भेज दिया गया। लूटी गई बाइक और रुपये भी बरामद कर लिए गए है।
रैनकपुरा निवासी रमेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह चौधरी पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है। वह चार फरवरी को अपनी छुट्टी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। जिस समय वह बाइक पर चला तो उसके पास एक महिला का फोन आया। महिला ने युवक से मिलने की बात कही। उसने अपना नाम नीलत बताया और चमारिया गांव की रहने वाली बताया। इसके बाद रमेश महिला के बताए हुए पते पर पहुंच गया। महिला ने उसे एलपीएस फैक्ट्री के पास बुलाया था। महिला उसे एक मकान में कुछ काम बोलकर ले गई। यहां पर पहले से एक व्यक्ति बैठा हुआ था। आरोप था कि महिला और व्यक्ति ने उसे पिस्तौल के बल पर ले गया और उससे 22 हजार की नकदी एवं बाइक लूट ली। किसी तरह से वह दोनों के चंगुल से निकला और उसने पुलिस को सूचना दी।
जब पुलिस वहां पर पहुंची तो दोनों फरार हो चुके थे। अब दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम ब्राह्मणवास निवासी सितेंद्र उर्फ काला व नीलम बताया। नीलम ने कबूल किया कि उन्होंने लूटपाट करने के बाद आरोपी से कोरे कागज पर लिखवाया था कि उसने पांच लाख रुपये उनसे उधार लिए हुए हैं। इसी कारण उन्होंने उससे 22 हजार रुपये लिए है। सितेंद्र पर फतेहाबाद में डकैती और जींद में गिरोहबंदी का केस दर्ज है।