मंत्री ग्रोवर के घर शोक जताने पहुंचे अमित शाह
जागरण संवाददाता, रोहतक : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार को सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर क
जागरण संवाददाता, रोहतक : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार को सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर की माता सीता देवी के निधन पर शोक जताने पहुंचे। जींद रैली के समापन के बाद रोहतक स्थित डीएलएफ कॉलोनी स्थित मंत्री ग्रोवर के घर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ हरियाणा के भाजपा प्रभारी डा. अनिल जैन और वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु साथ आए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह रविवार को शाम को 4.27 बजे पहुंचे और सीधे घर में ही पहुंचे। वहां सहकारिता मंत्री ग्रोवर के परिजनों के साथ शाह ने बातचीत की और शोक संतृप्त परिवार को ढांढस बंधाया। यहां बता दें कि मंत्री ग्रोवर की मां का निधन इसी बुधवार देर रात हो गया था।
जींद में आयोजित भाजपा की गौरव रैली से वह रोहतक पहुंचे। परिवार के बीच शाह, डा. अनिल जैन और वित्तमंत्री अभिमन्यु करीब आठ से दस मिनट ठहरे। इसके बाद उनका काफिला रोहतक से रवाना हो गया। हालांकि यह सभी 4.36 पर मंत्री ग्रोवर के घर से रवाना हुए और मीडिया से बातचीत के बजाय इशारों में ही शोक संवेदना में आने की बात कहते हुए रवाना हो गए।
शहर में बढ़ा दी गई थी सुरक्षा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के पहुंचने से पूर्व ही मंत्री ग्रोवर के घर, कॉलोनी और सोनीपत स्टैंड के अलावा शहर के प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ही सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी। सुरक्षा के लिहाजे से पुलिस चौराहे और उनके घर के निकट भी तैनात रही। यातायात व्यवस्था व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन की तरफ से ट्रैफिक पुलिस तैनात कर दी थी। वाहनों के आवागमन को लेकर भी पहले ही व्यवस्था की गई थी।