आज तक धूलभरी आंधी व तूफान कर सकता है परेशान, फिर बढ़ेगी तपिश
जागरण संवाददाता, रोहतक मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रविवार को तापमान में गिरावट आई, लेकिन धूलभ
जागरण संवाददाता, रोहतक
मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रविवार को तापमान में गिरावट आई, लेकिन धूलभरी हवाओं से राहत नहीं मिल सकी। तापमान गिरने का कारण रहा कि शनिवार को जोरदार बरसात हुई। तूफान भी रहा। मौसम वैज्ञानिकों का आंकलन है कि सोमवार तक धूलभरी हवाएं और तूफान आ सकता है। इससे तापमान में गिरावट रहेगी। हालांकि इसके बाद लगातार तापमान में वृद्धि होगी। ऐसे में झुलसाने वाली गर्मी परेशान करेगी।
इस सप्ताह तूफानों का दौर रहा। सोमवार तक फिर से तूफान आने की संभावनाएं हैं। पांच जून तक के मौसम की बात करें तो एचएयू के मौसम वैज्ञानिकों कहना है कि 29 तक धूलभरी हवाएं और अंधड़ व कहीं-कहीं तूफान भी आ सकता है। इसी के साथ बूंदाबांदी और बरसात भी कहीं-कहीं हो सकती है। इसके बाद मौसम खुश्क रहेगा और तापमान में वृद्धि संभावित है।
फिर तेज होगी हवाओं की रफ्तार
इस सप्ताह बेशक तूफान और अंधड़ परेशानी का सबब बने, लेकिन गर्म हवाओं से राहत मिली। इसका कारण रहा कि 26 और 27 मई को हवाओं की रफ्तार 4.7 से 6.6 किमी प्रति घंटे के हिसाब से चली थीं, जबकि अब हवाओं का रूख बदलकर तेज होगा। मौसम वैज्ञानिकों का आकलन है कि हवाओं की रफ्तार 7 से 12 किमी प्रति घंटे के हिसाब से चल सकती हैं।
चार जून को हो सकती है सर्वाधिक तपिश
तापमान में अंधड़ और बरसात के चलते गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि तापमान में एक बार फिर वृद्धि होगी। ऐसा भी आंकलन है कि चार जून को सर्वाधिक गर्म दिन भी हो सकता है, जोकि जून माह का सबसे तपिश वाला दिन होने की संभावना है। चार जून को तापमान 47 डिग्री सेल्सियस भी पहुंचने के आसार बन रहे हैं।
यह है रहेगा संभावित तापमान
29 मई : 41-27
30 मई : 38-26
1 जून : 44-31
2 जून : 45-30
3 जून : 45-32
4 जून : 47-33
5 जून : 45-31
नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में है और तापमान अधिकतम और न्यूनतम है।
पांच डिग्री का उतार-चढ़ाव
रोहतक : शनिवार को देर रात तूफान के साथ ही बरसात भी हुई। इससे तापमान में रात में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं, रविवार को मौसम सुबह, दोपहर और रात तक तमाम बार बदला। सुबह मौसम साफ रहा, धूप के साथ ही उमस ने बेहाल कर दिया। जबकि दोपहर में हलके बादल छाए रहे। इससे गर्मी से राहत मिली और तापमान भी कम हुआ। जबकि देर रात तेज हवाएं चलीं। आसमान में काले बादल भी छाए रहे। कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी भी हुई।