फांसी पर लटका मिला महिला का शव
जागरण संवाददाता, रोहतक : विशाल नगर स्थित मकान में रविवार सुबह एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका म
जागरण संवाददाता, रोहतक : विशाल नगर स्थित मकान में रविवार सुबह एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। महिला के पति की दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है। सूचना पर पहुंचे उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस व एफएसएल टीम ने मामले की पड़ताल की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। गांव माजरा निवासी राजबीर ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सुमन का ब्याह 12 वर्ष पहले विशाल नगर निवासी संजीत से किया था। सुमन के पति संजीत की दो वर्ष पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सुमन अपने दस वर्षीय बेटे पारस के साथ रहती थी। बताया गया है कि रविवार सुबह महिला के कमरे का दरवाजा बंद था। पास में ही रहने वाले उसके ससुराल के एक व्यक्ति ने दरवाजा खटखटाया। उस दौरान पारस कमरे में सो रहा था। पारस के गेट खोलने पर पता चला कि उसकी मां सुमन खिड़की पर फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। राजबीर का आरोप है कि सुमन के ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। उसने आशंका जताई है कि सुमन की हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने पर शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।