मॉडल टाउन में 15 कारों के शीशे तोड़े
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की पाश कॉलोनी मॉडल टाउन में शरारती तत्वों ने बृहस्पतिवार रात घरों के बा
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की पाश कॉलोनी मॉडल टाउन में शरारती तत्वों ने बृहस्पतिवार रात घरों के बाहर खड़ी कारों के शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने लगभग 15 कारों को निशाना बनाया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने मॉडल टाउन चौकी के पास दुस्साहस दिखाकर दहशत फैला दी। इससे लोगों में आक्रोश है। गुस्साए लोगों ने मॉडल टाउन चौकी पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
माडल टाउन कालोनी में रहने वाले 15 परिवारों के लिए शुक्रवार का दिन मुसीबत लेकर आया। लोगों की दिन निकलने के बाद जैसे ही अपने घरों के बाहर खड़ी कार पर नजर पड़ी, तो वह हैरत में पड़ गए। उनकी कारों के शीशे टूटे हुए थे। एक-एक कर लगभग 15 परिवारों के लोगों को उनकी कार के शीशे टूटे होने की जानकारी हुई। इससे कॉलोनी में दहशत फैल गई और लोगों में रोष व्याप्त हो गया। घटना से ना केवल लोगों का नुकसान हुआ, बल्कि ड्यूटी पर जाने और बच्चों को स्कूल छोड़कर आने का काम भी बाधित हो गया। मनीष और दर्पण जैन आदि लोग लामबंद होकर मॉडल टाउन चौकी पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस का कहना है कि शरारती तत्वों ने घटना को अंजाम दिया है। हालांकि कारों से किसी सामने की चोरी आदि की जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। बृहस्पतिवार रात कोहरा रहने के कारण हालांकि आरोपी का चेहरा साफ दिखाई नहीं पड़ा है, लेकिन पुलिस अन्य मकान आदि के बाहर लगे सीसीटीवी में भी आरोपियों को ढूंढने का प्रयास कर रही है।
दो वर्ष पहले की घटना की पुनरावृत्ति
मॉडल टाउन में पहली बार कारों को निशाना नहीं बनाया गया। दो वर्ष पहले भी यहां अज्ञात आरोपियों ने आधा दर्जन के लगभग कारों के शीशे तोड़ दिए थे। इसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को सुराग नहीं लगा पाई है।
आखिर आरोपियों का मकसद क्या?
शुरुआती पड़ताल में पुलिस घटना को शरारती तत्वों की हरकत मान रही है। वहीं, लोगों में भी घटना को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। लोगों का कहना है कि अगर कोई शरारत करता तो एक या दो कार के शीशे तोड़ता एक साथ 15 कारों के शीशे तोड़कर किसी ने शरारत नहीं दुस्साहस का परिचय दिया है।