बेसहारा मासूम ने तोड़ा दम
जागरण संवाददाता, रोहतक : दो दिन पहले पीजीआइएमएस में भर्ती कराकर गुम हुए दंपती के नवजात मासूम की शनिव
जागरण संवाददाता, रोहतक : दो दिन पहले पीजीआइएमएस में भर्ती कराकर गुम हुए दंपती के नवजात मासूम की शनिवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया है कि मासूम बच्चा गंभीर बीमारी से पीड़ित था। आशंका है कि इसी के चलते दंपती उसे पीजीआइएमएस में छोड़कर चला गया था।
बता दें कि पानीपत निवासी दंपती ने बृहस्पतिवार शाम नवजात बच्चे को भर्ती कराया था। शुक्रवार शाम को दंपती बच्चे को पीजीआइएमएस में छोड़कर चले गए थे। दंपती के बच्चे को छोड़कर जाने की जानकारी होने पर स्वास्थ्यकर्मी और जन सेवा संस्थान के कर्मियों ने उनकी तलाश की थी। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। इसके बावजूद दंपति का कोई अता-पता नहीं चला था। जन सेवा संस्थान के जयवीर ने बताया कि मासूम गंभीर बीमारी से पीड़ित था। उसका वार्ड में उपचार चल रहा था लेकिन शुक्रवार देर रात नवजात ने दम तोड़ दिया। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत और बीमारी का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। वहीं, गंभीर बीमारी से बच्चे की मौत होने के बाद यह भी आशंका जताई जा रही है कि डिलीवरी के बाद डाक्टर ने दंपती को नवजात के गंभीर बीमारी से पीडि़त होने की जानकारी दी होगी। इलाज न करा पाने या फिर किसी अन्य मजबूरी के चलते दंपती मासूम को छोड़कर चल गए होंगे।