बस दीपावली तक लगेंगी बाजार में रेहड़ियां
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: रेहड़ी चालकों के लिए एक अच्छी और एक बुरी खबर है। अच्छी खबर यह है कि अब
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी:
रेहड़ी चालकों के लिए एक अच्छी और एक बुरी खबर है। अच्छी खबर यह है कि अब वे दीपावली तक अपनी रेहड़ियां बाजार में लगा सकेंगे। वहीं बुरी खबर यह है कि दीपावली के बाद उनको बाजार से अपनी रेहड़ियां हटानी ही पड़ेगी। मंगलवार को नगर परिषद ईओ के साथ हुई रेहड़ी चालकों की बैठक में कोई परिणाम नहीं निकल पाया। रेहड़ी चालकों ने जो जगह मांगी उसे देने के लिए ईओ तैयार नहीं हुए और ईओ जो जगह बता रहे हैं वहां रेहड़ी चालक नहीं जाना चाहते।
दीपावली तक लगा सकेंगे रेहड़ी
बाजार में रेहड़ियों को हटाने के लिए नगर परिषद द्वारा लगातार अभियान चलाया गया था। बाजार व मुख्य सड़कों पर से सभी रेहड़ियों को हटा भी दिया गया था। इसके बाद रेहड़ीवालों ने भी विरोध शुरू कर दिया था। नप ईओ के खिलाफ शहरभर में प्रदर्शन किया गया तथा पुतला तक जलाया गया था। 21 अक्टूबर को नप ईओ मनोज यादव मुख्य बाजार में गए थे। रेहड़ी चालकों ने ईओ से कहा था कि उन्हें उनके स्थान से हटाया न जाए। नप ईओ ने रेहड़ी चालकों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए सोमवार को अपने कार्यालय में बुलाया था। सोमवार को ईओ कोर्ट में गए हुए थे जिसके कारण कोई बातचीत नहीं हो पाई। मंगलवार को एक बार फिर से रेहड़ी यूनियन के उपप्रधान रामकिशन सैनी, मोनी सैनी, बंटी व विपिन मक्कड़ रेहड़ी चालकों की तरफ से ईओ से मिलने के लिए पहुंचे। रेहड़ी लगाने को लेकर हुई बातचीत में नप ईओ ने कहा कि दीपावली तक रेहड़ी चालक बाजार में रेहड़ियां लगा सकते हैं लेकिन इसके बाद यह छूट नहीं मिलेगी। दीपावली के बाद नगर परिषद फिर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी और रेहड़ियों को हटाया जाएगा। उन्होंने रेहड़ी चालकों से कहा कि वे महाराणा प्रताप चौक पर खाली मैदान में रेहड़ियां लगा सकते हैं। रेहड़ी चालक पुरानी सब्जीमंडी में ही पार्क के पास रेहड़ियां लगाने के लिए जगह मांग रहे थे लेकिन इसकी अनुमति नहीं मिली।
लिखकर दें हम चौक पर लगा लेंगे रेहड़ियां
रेहड़ी चालकों ने नप ईओ से कहा कि वे महाराणा प्रताप चौक पर रेहड़ियां लगा लेंगे लेकिन इसके लिए नगर परिषद को लिखकर देना होगा कि वह जगह रेहड़ीवालों को अलॉट कर दी गई है। नप ईओ ने कहा कि इस तरह से कुछ भी लिखित में देना संभव नहीं। दोनों पक्षों के बीच रेहड़ी शिफ्ट करने को लेकर बात सिरे नहीं चढ़ पाई।
---------
रेहड़ीवालों को पहले ही कह दिया गया है कि वे सड़कों पर रेहड़ियां न लगाए तथा महाराणा प्रताप चौक अथवा नाईवाली पुल के नीचे जाएं। मैने जो बैठक ली उसमें भी यही बातचीत हुई। दीपावली तक अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाया जाएगा लेकिन त्योहार के बाद बाजारों में अतिक्रमण रहने नहीं दिया जाएगा।
--मनोज यादव, ईओ नप।