सुबह छाया धूल का गुब्बार, दोपहर को बरसी 'आग'
जागरण संवाददाता,रेवाड़ी: मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों क
जागरण संवाददाता,रेवाड़ी: मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। भीषण गर्मी का सामना कर रहे लोगों को बृहस्पतिवार सुबह-सुबह धूलभरी आंधी से भी दो-चार होना पड़ा। धूलभरी आंधी की वजह से सुबह ही आसमान में धूल का गुबार छा गया तथा शहर के साथ गांवों की भी बिजली कट गई। दोपहर तक मौसम साफ हो गया जिसके बाद लू के थपेड़ों ने भी काफी परेशान किया।
अधिकतम तापमान 42.5 पर बरकरार
बृहस्पतिवार सुबह करीब 4 बजे आई धूलभरी आंधी ने लोगों की नींद में खलल डाल दिया। गर्मी की वजह से अधिकांश लोग घरों की छतों पर सोए हुए थे और धूलभरी आंधी ने कुछ ही मिनटों में तेज रूप धारण कर लिया। अंधड के कारण घरों के अंदर तक मिट्टी जमा हो गई सुबह की शुरूआत आंधी की वजह से घुटन भरे मौसम के साथ हुई। पूरे आसमान में धूल का गुबार छाने के कारण मौसम की तरोताजगी भी गायब हो गई तथा मार्निंग वाक पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान आसमान में बादल भी छाए हुए थे लेकिन दोपहर तक आसमान पूरी तरह से साफ हो गया जिस कारण अधिकतम तापमान में राहत की भी उम्मीद खत्म हो गई। आसमान साफ होने से अधिकतम तापमान भी 42.5 डिग्री सेल्सियस पर बरकरार रहने के साथ लू का प्रकोप कम नहीं हुआ जिससे दोपहर के समय घरों से निकलना भी बेहद मुश्किल हो गया। इस अवधि में स्कूल से लौटने वाले बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चे स्कूल से आते समय गर्मी व तेज धूप के कारण पसीने तरबतर होकर घर लौटते हैं। गर्मी के कारण लोगों द्वारा शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह छबील भी लगाई गई।
न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी
बृहस्पतिवार के न्यूनतम तापमान में बुधवार के मुकाबले साढ़े 4 डिग्री सेल्सियस की बढा़ेतरी दर्ज की गई। बुधवार को जिले में यह 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान में बढा़ेतरी के कारण सुबह से ही उमस भरा माहौल रहा। उधर मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि जिले में 31 मई तक तक धूलभरी आंधी चलने की संभावना बनी रहेगी। इस अवधि में बारिश भी हो सकती है।