लीड : पोतों ने पीटकर दादा की हत्या की
लोगो है
-------------
-सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया
-वारदात में पुत्रवधू भी संलिप्त बताई जा रही
-जाटूसाना थाना क्षेत्र के गांव दड़ौली में हुई वारदात
-पुलिस ने चिता से कब्जे में ली हड्डियां व अन्य अवशेष
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: जिले के गांव दड़ोली में शुक्रवार को दो युवकों ने पीटकर अपने दादा की हत्या कर दी। हत्या के बाद देर शाम शव को शमशान घाट में ले जा कर जला दिया। वारदात में मृतक की पुत्रवधू भी संलिप्त बताई जा रही है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही शव जल चुका था। पुलिस ने चिता से मृतक की हड्डियां व अन्य जरूरी सबूत कब्जे में लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि गांव दड़ोली निवासी 80 वर्षीय लाल सिंह अपने दो पौत्र इंद्रजीत व प्रवीण तथा पुत्रवधू बिमला देवी के साथ रहते थे। शुक्रवार को इंद्रजीत व प्रवीण ने लाल सिंह की पिटाई कर दी। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुन कर ग्रामीण लाल सिंह के घर पहुंचे, परंतु बिमला देवी ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया। ग्रामीण जबरदस्ती घर में घुस गए तथा लाल सिंह को छुड़ाया। लाल सिंह को चारपाई पर लिटाने के बाद ग्रामीण वापस चले गए। बाद में लाल सिंह की मौत हो गई। देर शाम प्रवीण व इंद्रजीत ने लाल सिंह के शव को शमशान घाट में ले जाकर कर अंतिम संस्कार कर दिया।
लाल सिंह की मौत व अंतिम संस्कार की बात उजागर होने के बाद देर रात किसी ने जाटूसाना थाना पुलिस को सूचना दे दी। जब तक पुलिस शमशान घाट पहुंची तब तक शव जल चुका था। पुलिस ने रात को ही चिता से हड्डियां व अन्य अवशेष एकत्रित किये है।
मां को भला बुरा कहने से खफा थे पौत्र
पुलिस के अनुसार लाल सिंह अपनी पुत्रवधू बिमला देवी के बारे में गलत बातें बोलता रहता था। जिससे प्रवीण व इंद्रजीत खफा थे। उन्होंने कई बार अपने दादा लाल सिंह को समझाया भी, परंतु लाल सिंह का नसीहत देना शुक्रवार को पौत्रों को नागवार गुजरा। आरोप है कि दोनों पौत्रों ने दादा की इतनी पिटाई की कि उनकी जान चली गई।
----
चिता से हड्डियां व अवशेष एकत्रित किए गए हैं तथा उन्हें जांच के लिए मधुबन स्थित फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा। फिलहाल हमने ग्रामीण सूबे सिंह की शिकायत पर प्रवीण, इंद्रजीत व बिमला के खिलाफ हत्या व सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
करण सिंह, जांच अधिकारी
थाना जाटूसाना।