सफाई कर्मचारी हटाने पर श्रमिक संगठन खफा
जागरण संवाददाता, पानीपत : नगर निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों को हटाने पर श्रमिक संगठनों ने विरोध
जागरण संवाददाता, पानीपत :
नगर निगम द्वारा सफाई कर्मचारियों को हटाने पर श्रमिक संगठनों ने विरोध जताया है। श्रमिक संगठन सफाई कर्मचारियों को हटाने वाले अधिकारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाएंगे।
हिंद मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष प्राण रत्नाकर ने कहा कि निगम के अफसरों का यह कृत्य घोर अन्याय, दलित उत्पीड़न की श्रेणी में एक संज्ञेय अपराध है। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ थाना शहर में दलित अत्याचार अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज करवाया जाएगा। सफाई कर्मचारियों को खड़े पैर बेरोजगार कर दिया गया। इस अन्याय के खिलाफ पुलिस, अनुसूचित जाति आयोग श्रम अदालत व सड़कों पर लड़ाई लड़ी जाएगी।
हिंद मजदूर सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा ने निंदा करते हुए कहा कि श्रम कानून के तहत दो महीने के स्वीकृत पदों पर नियुक्त किए गए 231 सफाई कर्मचारियों को केवल मात्र 12 दिनों में बिना किसी नोटिस हटाया नहीं जा सकता। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को तुरंत नौकरी पर रखने तथा श्रम कानूनों के तहत दो माह का वेतन भुगतान करने की मांग की।
मामले को लेकर आज होगी सनौली रोड पर बैठक
मामले को लेकर रविवार को चंदर नगर सनौली रोड पर यूनियन की बैठक होगी। जिसमें अगले आंदोलन पर विचार होगा।
चार को भर्ती, 15 को की छुंट्टी
नगर निगम में चार फरवरी को 231 कर्मचारियों की भर्ती डीसी रेट पर की थी। 15 फरवरी को इनको हटा दिया गया, जिससे कर्मचारी परेशानी में है।