एक घंटे धूप में खड़े होकर कांग्रेसी राहुल गांधी का करते रहे इंतजार, उन्हें 2 मिनट का हुआ दीदार
जागरण संवाददाता, पानीपत: कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को सड़क मार्ग से
जागरण संवाददाता, पानीपत:
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को सड़क मार्ग से यमुनानगर जाते हुए पानीपत में बीबीएमबी कट और टोल प्लाजा पर रुके। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। हर कोई उनसे हाथ मिलाने के लिए आतुर दिखाई दिया। कई उत्साहित कार्यकर्ता तो गाड़ी के पायदान पर चढ़ गए। सुरक्षा में चूक न हो जाए इसलिए सुरक्षाकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को गाड़ी से दूर खदेड़ दिया। कार्यकर्ता नाराज न हो जाएं, इसलिए राहुल गांधी ने गाड़ी से नीचे उतरकर हाथ हिलाया और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वे करनाल को रवाना हो गए। उनके साथ गाड़ी में कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और राज बब्बर भी बैठे थे। उपाध्यक्ष गांधी के इंतजार में कार्यकर्ता एक घंटे से चिलचिलाती धूप में जीटी रोड पर खड़े थे, लेकिन उन्हें राहुल गांधी का दो मिनट का ही दीदार हो सका। राहुल गांधी की किसी कार्यकर्ता और नेता से बात नहीं हुई। इस दौरान जीटी रोड पर दस मिनट जाम लगा रहा। वाहनों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खाशी मशक्कत करनी पड़ी। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वीरेंद्र उर्फ बुल्ले शाह, खुशीराम जागलान, बलबीर बाल्मीकि, डॉ. कर्ण सिंह कादियान, दीपक खटकड़, कर्ण सिंह मलिक, अंशुल कक्कड़, जितेंद्र कुंडू और रणबीर देशवाल सहित अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
मेयर मार गए बाजी
जैसे ही राहुल गांधी की गाड़ी रुकी तो कार्यकर्ताओं में सबसे आगे खड़े मेयर सुरेश वर्मा दौड़े। उन्होंने सबसे पहले राहुल गांधी को नमस्ते की और फिर हाथ मिलाकर परिचय दिया। वहीं काफी कार्यकर्ता व नेता उपाध्यक्ष गांधी से हाथ मिलाने से वंचित रहे।