एक हजार कैदियों के लिए 74 करोड़ की बन रही जेल
राजसिंह पाल, पानीपत गांव सिवाह से पसीना रोड़ पर पानीपत की नई जेल का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर
राजसिंह पाल, पानीपत
गांव सिवाह से पसीना रोड़ पर पानीपत की नई जेल का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। एक हजार कैदियों की क्षमता वाली यह जेल 40 एकड़ भूमि पर बनाई जा रही है। जेल के निर्माण पर 74 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत लगेगी।
प्रदेश में 17 जेल हैं। इनकी क्षमता लगभग 18 हजार कैदियों की है। इन जेलों में क्षमता से अधिक कैदी रह रहे हैं। प्रदेश सरकार ने पानीपत समेत रेवाड़ी में एक-एक हजार कैदियों की क्षमता वाली जेलों का निर्माण कार्य वर्ष 2013 में शुरु कराया। मेवात में भी जेल का निर्माण कार्य जल्द शुरु होने की सम्भावना है। इसके अलावा पंचकूला में भी जेल निर्माण का प्रस्ताव है। पानीपत की नई जेल का निर्माण कार्य वर्ष 2013 के अंत में आरम्भ हुआ। दो चरणों में जेल का निर्माण कार्य पूरा करना है। प्रथम चरण का कार्य मार्च 2017 तक पूरा करना है।
द्वितीय चरण के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं। निर्माण कार्य जून 2018 तक पूरा करना है। कुल लागत 74 करोड़ 39 लाख के सापेक्ष में कार्यदायी संस्था हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन को लगभग 39 करोड़ की धनराशि जारी हो गई है।
प्रथम चरण का निर्माण :
3 पुरुष कैदी बैरक, 30 बिस्तरों वाला अस्पताल, कैदियों को हुनरमंद बनाने के लिए फैक्टरी शेड, स्पेशल सेल, 35 फुट ऊंचे 6 वॉच टावर, रसद गोदाम, प्रशासनिक ब्लॉक, वार्डन हॉस्टल, रसोई, चारदीवारी व 56 आवास।
द्वितीय चरण में होने वाला निर्माण :
2 पुरुष कैदी बैरक, 1 महिला कैदी बैरक, फैक्टरी शेड, स्पेशल सेल, उच्च निगरानी सेल, खुंखार अपराधियों के लिए विशेष सेल, बहुउद्देशीय भवन, पुस्तकालय, कक्षा पांच तक का स्कूल व कंट्रोल रूम आदि ।
---
पहले चरण का कार्य पूरा होते ही हैंडओवर कर दिया जाएगा। द्वितीय चरण का कार्य जून 2018 तक पूरा किया जाना है। धन का अभाव नहीं हुआ तो समय पर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विनोद रावत, कार्यकारी अभियंता - हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन
---
नई जेल बनने पर प्रदेश की अन्य जेलों में कैदियों का दबाव कम होगा। जिला पानीपत के थानों से संबंधित मामलों में जेलों में बंद कैदी नई जेल में शिफ्ट किए जाने हैं।
कुलबीर सिंह, अधीक्षक पानीपत जेल