गोल्डन जुबली कार्यक्रम गुमराह करने की नई चाल : कुमारी सैलजा
जागरण संवाददाता, समालखा प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरका
जागरण संवाददाता, समालखा
प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार जो गोल्डन जुबली मनाने का कार्यक्रम तैयार कर रही है, ये उनकी जनता को गुमराह करने की एक और नई चाल है। सच्चाई ये है कि हरियाणा के इतिहास व विकास में भाजपा का कोई योगदान नहीं है। गोल्डन जुबली की जो बात है वो सिर्फ सेहरा बांधने की बात है। सैलजा शनिवार को समालखा में पार्टी के प्रदेश महासचिव शमशेर गोगी के कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हुई। वह दिल्ली से अंबाला जाते समय रूकी थीं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने देश में धर्म व प्रदेश में जाति के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया है। ऐसा करना उनकी पुरानी परम्परा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले दो साल में कोई विकास नहीं हुआ है। पिछली सरकार के कार्यकाल में हुए कामों को ही अपनी उपलब्धि के तौर पर गिना रहे है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ी हुई है। किसान, व्यापारी व कर्मचारी हर वर्ग दुखी है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश व प्रदेश विकास के मामले में पिछड़ रहा है।
कांग्रेसियों के आपस में भिड़ने के सवाल पर सैलजा ने कहा कि ये कांग्रेस की अपने घर की बात है। जहां तक बात सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ने की है वहां सभी कांग्रेसी मिलकर जनता के हक की लड़ाई लड़ते है। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले मुद्दे को उछाल रहे है। लेकिन ये तो सरकार में है, जिनके ऊपर प्रदेश के विकास की जिम्मेदारी है। फिर भी इनके मंत्री क्यों आपस में भिड़ते हैं। कई तो सीएम को सीएम तक नहीं मानते।
प्रदेशाध्यक्ष को बदलने की चर्चा वाले सवाल पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि ऐसा कुछ मैंने नहीं सुना है। ये फैसला हाईकमान को लेना है। सैलजा ने कहा कि पंजाब में हर हाल में कांग्रेस सरकार बनाकर पंजाब को उसकी खोई हुई पहचान दिलाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि वहां की जनता अकाली दल व भाजपा से तंग आ चुकी है। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महासचिव शमशेर गोगी, जसबीर आट्टा, मुनीष परवेज राणा, बिजेंद्र मान मौजूद रहे
कांग्रेस ने ही रीता बहुगुणा को पहचान दी--
यूपी में कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामने के बाद रीता बहुगुणा द्वारा राहुल गांधी में नेतृत्व करने की क्षमता की कमी जैसे सवाल उठाने पर कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस ने ही रीता बहुगुणा को वो सम्मान व ओहदे दिए, जिनके कारण उनकी पहचान बनी और वो भारतीय जनता पार्टी में जा सकी। उनके भाई को राहुल गांधी ने ही उत्तराखंड में सीएम बनाया, जिसका बाद में कांग्रेस को राजनीतिक तौर पर नुकसान के रुप में खामियाजा भी भुगतना पड़ा। इससे लगता है की कांग्रेस ने उनको इतना बड़ा ओहदा देकर बड़ी गलती की।