बाजार में दो हजार नकली नोट, दुकानदारों ने महिला को पकड़ा
जागरण संवाददाता, पानीपत : चंडीगढ़ के बाद पानीपत में भी नकली नोट चलाने का प्रयास किया गया। इं
जागरण संवाददाता, पानीपत : चंडीगढ़ के बाद पानीपत में भी नकली नोट चलाने का प्रयास किया गया। इंसार बाजार में दंपती ने दुकान पर दो हजार का नोट देकर जूते खरीदने का प्रयास किया। दुकानदार ने नोट पर शक किया तो पति फरार हो गया, जबकि उसकी पत्नी को लोगों ने पकड़ लिया। आसपास के दुकानदार इकट्ठे हो गए। महिला ने बताया कि सेक्टर 29 के फ्लोरा चौक पर ठेकेदार ने उन्हें यह नोट दिया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को थाने ले गई।
इंसार बाजार में सतवाल बूट हाउस है। शुक्रवार दोपहर एक बजे पति-पत्नी जूते खरीदने के लिए दुकान पर आए। महिला ने एक जोड़ी जूते खरीदे। दुकानदार मंजीत सिंह को 2000 का नोट दिया। नोट देखकर उन्हें संदेह हो गया। उन्होंने इंसार बाजार के प्रधान गौरव लीखा को नोट दिखाया। लीखा ने बताया कि नोट नकली है। उसी समय एसएचओ सिटी को फोन किया। ये बातें सुनकर आदमी दुकान से बाहर निकल लगा। दुकानदार ने उसको रोकने का प्रयास किया। उसने कहा कि वह दूसरी दुकान से जुराब लेकर आ रहा है। दुकान से बाहर निकल कर चौड़ा व पालिका बाजार होकर जीटी रोड की तरफ भाग गया। महिला लालबत्ती की तरफ चली गई थी। दुकानदारों ने पीछा करके उसे पकड़ लिया। पुलिस बुलाकर उसके हवाले कर दिया।
थाना शहर एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। तफ्तीश के बाद सच्चाई का पता चल सकेगा।
फैक्टरी में काम करती है
जींद अर्बन स्टेट की रहने वाली महिला ने दुकानदारों को बताया कि वह अपने पति बलकार उर्फ अमन के साथ सेक्टर 29 की फैक्टरी में काम करती है। फ्लोरा चौक के पास एक ठेकेदार 500 के पुराने नोट लेकर 2000 का नोट दिया था। इसके बारे में कुछ पता नहीं। महिला ने ठेकेदार से नोट लिया था या झूठ बोल रही है, इसका पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद चल सकेगा।
नकली नोट की प्रिंटिंग हल्की
गौरव लीखा ने बताया कि उसने कई बार 2000 का नोट देखा है। जो नोट दुकान पर दिया गया, उसका कागज पतला था। नोट की प्रिंटिंग हल्की थी। आम आदमी नकली नोट को पहचान नहीं कर सकता है। गौर से देखने पर नकली नोट की पहचान हुई। दुकानदार 2000 का नोट नकली मान रहे हैं लेकिन पुलिस चुप्पी साध रखी है।
ठेकेदार की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब नकली नोट देने वाले ठेकेदार की तलाश कर रही है। पुलिस ने फ्लोरा चौक के पास लोगों से पूछताछ की। हालांकि कुछ खास हाथ नहीं लगा। नकली नोट देने वाला पुलिस गिरफ्त आने के बाद पता चलेगा कि वह नकली नोट कहां से लेकर आया।