शराब ठेकेदार का आठवां गुर्गा भी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : शराब ठेकेदार के आठवें गुर्गे को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर ि
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
शराब ठेकेदार के आठवें गुर्गे को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि देर रात गिरफ्तार किए गए दो गुर्गों को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया। इन दोनों को पुलिस ने कोर्ट से एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है आखिर शराब ठेकेदार के गैंग में ओर कितने लोग शामिल हैं जो लोगों को अगवा कर उनके साथ मारपीट किया करते थे।
ठेकेदार के गुर्गों को पकड़ने के लिए सीआईए व जिला पुलिस ने रविवार देर रात भी छापामारी की। इस दौरान एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यह भी उसी गिरोह में शामिल था जो लोगों को उठाकर ले जाते थे और बंद कोठी में उनकी पिटाई करते थे। पुलिस इससे पूछताछ कर रही है। वहीं, देर रात गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। क्योंकि इनका एक दिन का रिमांड आज खत्म हो जाएगा। क्योंकि पुलिस एक के बाद एक गिरफ्तारी कर रही है। इसलिए कयास लगाया जा रहा है पुलिस अब इन्हें दोबारा रिमांड पर नहीं लेगी।
पुलिस उजागर नहीं कर रही पहचान
पहले तीन आरोपी जो जेल में बंद है उनके बाद शराब ठेकेदार के जो गुर्गे पकड़े गए हैं पुलिस उनकी पहचान को उजागर नहीं कर रही है। क्या पुलिस पर किसी तरह का दबाव है, यही सवाल बार-बार उठ रहा है। यदि ऐसा नहीं है तो फिर उन्हें समाज की नजरों से बचाकर रखा जा रहा है। जबकि इन्हें लोगों के सामने लाना चाहिए था ताकि सभी को पता चल सके की जनता के साथ ऐसा बर्ताव करने वालों के साथ पुलिस क्या कर सकती है। वहीं, पहचान सामने आने से जनता भी इनसे अलर्ट हो जाती है। वहीं, इसके विपरीत एक ट्रांसफार्मर चोर या बाइक चोर के पकड़े जाने पर पुलिस मीडिया को बुलाकर उसकी फोटो तक खींचवाती है।