सिविल अस्पताल के फोर्थ क्लास कर्मी गए हड़ताल पर
जागरण संवाददाता, पंचकूला : नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में सोमवार को अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्म
जागरण संवाददाता, पंचकूला : नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में सोमवार को अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए, जिसके कारण लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में अस्पताल के गेट पर जाकर हड़ताल पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी के चलते पुलिस बल को भी तैनात कर दिया गया। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में बढ़ाई गई सेलरी का एरियर और पीएफ एवं कई कर्मचारियों को निकाले जाने का विरोध शामिल था। एक महिला कर्मचारी नेता ने बताया कि उनको ठेकेदार द्वारा अस्पताल में रखा गया है, लेकिन अभी तक बढ़ाई गई सेलरी का एरियर नहीं दिया गया। कई बार अस्पताल प्रबंधन को भी मामले की जानकारी दी गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। जिसके बाद कोई बात बनती नहीं दिखी, तो आखिर में कर्मचारियों को हड़ताल पर जाना पड़ा। इन कर्मचारियों की हड़ताल का असर अस्पताल के अंदर दिखाई दिया। अस्पताल में डॉक्टरों के कमरे के बाहर मरीजों को लाइन में लगवाने वाला या मरीजों को बाहर रोकने वाला कोई नहीं था। ऐसे में डॉक्टरों को ही मरीजों को एक-एक कर अंदर आने के लिए कहा जा रहा था। लगभग सभी डॉक्टरों के कमरों के बाहर बैठने वाले यह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नहीं दिखाई दिए। इसके अलावा कमरे के बाहर मरीजों की लंबी लाइनें लगी हुई थी। इन हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि जब वह अपना काम सही से करते हैं, तो वेतन और अन्य सुविधाएं भी समय पर मिलनी चाहिए। इसके अलावा रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भी दोनों और मरीजों की लंबी कतार लगी हुई थी। सूचना मिलने के बाद कर्मचारी नेता श्रवण जागंड़ा भी मौके पर पहुंच गए और कर्मचारियों की पूरी बात सुनी। जिसके बाद उन्होंने इन कर्मचारियों की बातों को जायज बताते हुए अस्पताल प्रशासन से मामले में उचित कदम उठाने की मांग की। सूत्रों के मुताबिक कर्मियों को मंगलवार को हर हाल में मनाने की कोशिश होगी।