मनोहरलाल मंत्रिमंडल में बदलाव संभव, संघ कार्यालय पहुंचे सीएम
हरियाण के मनाेहरलाल मंत्रिमंडल में बदलाव के संकेत मिले हैं। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने दिल्ली में संघ के सरसह कार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल से भेंट की। इसके बाद कयासबाजी शुरू हो गई है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा में राजनीतिक गतिविधियां तेज हाे गई हैं। मुख्यमंत्री मनाेहरलाल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा से लौटते ही सोमवार को दिल्ली पहुंचे अौर वहां काफी व्यस्त रहे। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय गए अौर सर सह कार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल से मिले। बताया जाता है कि इसमें नाराज विधायकों के मामले सहित कई मद्दे पर चर्चा हुई। इसके बाद राज्य कैबिनेट में बदलाव के संकेत मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह संघ मुख्यालय झंडेवालान में आरएसएस के सरसह कार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल समेत कई नेताओं के साथ मुलाकात की। पिछले काफी दिनों से मुख्यमंत्री की डा. कृष्ण गोपाल से मुलाकात नहीं हो पा रही थी। इस मुलाकात के बाद भाजपा के सियासी माहौल में बदलाव के आसार नजर आ रहे हैैं और कयासबाजी का दौर शुरू हाे गया है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में बिहार जैसा मामला, GJU में टॉपर छात्र दोबारा टेस्ट में निकला फिसड्डी
मुख्यमंत्री आरएसएस मुख्यालय में काफी देर रहे। मुख्यमंत्री पिछले काफी समय से सर सह कार्यवाह से मुलाकात की कोशिश में थे, लेकिन व्यस्तताओं के चलते यह मुलाकात नहीं हो पा रही थी। बताया जाता है कि इस मुलाकात में तमाम मसलों पर लंबी बातचीत हुई।
बताया जाता है कि डा. कृष्ण गोपाल से मुलाकात में विधायकों की नाराजगी की वजह पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने डा. कृष्ण गोपाल को ढ़ाई साल में सरकार के कामकाज के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज का पूरा रिपोर्ट कार्ड पेश किया।
सर सह कार्यवाह ने मंत्रियों के कामकाज के बारे में मुख्यमंत्री से पूरी रिपोर्ट लेने की सूचना है। इससे मौजूदा मंत्री समूह और मंत्रियों के कामकाज में बदलाव के कयास से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मंत्रिमंडल में बदलाव के संकेत भी हैं। यदि बदलाव हुआ तो अप्रैल में संभव है। डा. कृष्ण गोपाल ने मुख्यमंत्री को विधायकों की मांग के अनुरूप अच्छे नतीजे नहीं दे पाने वाले अधिकारियों पर भी सख्त रवैया अपनाने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य संजीवनी का संदेश देती है नवदुर्गा, नौ देवियां औषधियों की प्रतीक
इस मुलाकात के बाद सीएम काफी संतुष्ट नजर आए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल दोपहर को संसद के सेंट्रल हाल पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों से मुलाकात की। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री और हुड्डा की यहां कुछ समय के लिए शिष्टाचार बातचीत हुई।