तीन तलाक पर प्रतिबंध दिलाएगा महिलाओं को सामाजिक आजादी : मनोहर लाल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की तारीफ की और कहा कि फैसले से मुस्लिम बहनों को सामाजिक आजादी मिलेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय संविधान पीठ द्वारा तीन तलाक को असंवैधानिक करार दिए जाने से मुस्लिम बहनों को सामाजिक आजादी मिलेगी। यह निर्णय देश के विकास में महिलाओं के योगदान को बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को सही मायनों में समानता का अधिकार मिलेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने कहा कि अब मुस्लिम बहनों और उनके बच्चों को सामाजिक सम्मान मिलना सुनिश्चित होगा। तीन तलाक का मामला मुस्लिम बहनों को समाज, परिवार और कार्यक्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। फैसले से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष निर्मल बैरागी ने भरोसा जताया कि महिलाओं को समाज में सुधारात्मक माहौल में बदलाव देखने को मिलेगा। अब मुस्लिम महिलाएं अपने सामाजिक जीवन को सशक्ततरीके से जीने के लिए तैयार हों।
यह भी पढ़ें: डेरे की पावर को नजरअंदाज नहीं कर पाते राजनीतिक दल