गरीब आदमी दाल व प्याज को मोहताज : शकील
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व हरियाणा प्रभारी डॉ. शकील अहमद ने केंद्र क
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व हरियाणा प्रभारी डॉ. शकील अहमद ने केंद्र की मोदी सरकार को निकम्मा करार दिया है। अहमद ने कहा कि महंगाई चरम पर है। गरीब जनता दाल और प्याज के लिए मोहताज हो गई है। प्रधानमंत्री न तो काला धन वापस ला पाए न ही पाकिस्तान को सीज फायर का उल्लंघन करने और आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर 56 इंच का सीना दिखाया। शकील अहमद यहां हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक में भाग लेने पहुंचे थे।
सह प्रभारी आशा कुमारी, प्रदेश अध्यक्ष डा.अशोक तंवर और विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने भी बैठक को संबोधित किया। शकील अहमद ने कहा कि सभी पदाधिकारी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता है। उन्होंने पहले भी लगन से कार्य किया है और नए पद मिलने के बाद और अधिक जोर-शोर से करेगे। चुनावों में पार्टी की हार को भविष्य में जीत के लिए एक संकल्प के तौर पर लिया जाएगा। अगर कोई कांग्रेसी पार्टी के विरुद्ध कार्य करता है तो उसकी सूचना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को दें ताकि उस पर उचित कार्रवाई की जा सके।
शकील ने सभी पदाधिकारियों में जोश भरते हुए पार्टी को मजबूत करने का मंत्र दिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने हरियाणा की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि ये सरकार पूर्णतया जनविरोधी है। लोगों में काफी रोष है। सरकार कोई भी नई परियोजना लाने में नाकाम रही है। पूर्व में से शुरू विकास योजनाओं को ठप कर दिया गया है। तंवर ने पदाधिकारियों को कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों के बारे में लोगों को जागरूक करें।
कांग्रेस की सह-प्रभारी आशा कुमारी ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को और जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी ताकि पार्टी को मजबूत किया जा सके। कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने कहा कि सभी मिलकर पार्टी के लिए काम करें। शकील अहमद शुक्रवार को महासचिव, उपाध्यक्ष और एग्जीक्यूटिव बाडी के सदस्यों की बैठक लेंगे।