अब 7 तक चलेगा विधानसभा सत्र
पहले दिन नहीं हुआ डिप्टी स्पीकर का चुनाव राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र अ
पहले दिन नहीं हुआ डिप्टी स्पीकर का चुनाव
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र अब 7 सितंबर तक चलेगा। शुक्रवार को सदन की डबल सिटिंग होगी। सत्र शुरू होने से पहले हुई बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में ये निर्णय लिए गए। बैठक से पहले सरकार तीन दिन का ही सत्र मानकर चल रही थी। मुख्य विपक्षी दल इनेलो और कांग्रेस सत्र की अवधि बढ़ाने को लेकर लगातार दबाव बनाए हुए थे।
विधायक अपने-अपने क्षेत्र और प्रदेश की समस्याओं को प्रमुखता से उठा सकें, इसलिए इनेलो व कांग्रेस सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे थे। अब विधानसभा का सत्र तीन के बजाए छह दिन का हो गया है। आधिकारिक तौर पर सत्र 7 सितंबर तक चलेगा। 5 व 6 सितंबर को शनिवार व रविवार का अवकाश होने के बावजूद विधायकों को सत्र के हिसाब से भत्ते मिलेंगे।
उधर, विधानसभा के डिप्टी स्पीकर का चुनाव सत्र के पहले दिन नहीं हो पाया है। सदन में शोक संदेश पढ़े जाने के बाद कोई बिजनेस नहीं हुआ। हालांकि डिप्टी स्पीकर का चुनाव एजेंडे में शामिल था। भाजपा के प्रांतीय प्रभारी डॉ. अनिल जैन का कहना है कि उपाध्यक्ष के पद को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। ये भी तय नहीं कि इसे अपना पास रखा जाए या विपक्ष को दें। इस पर विचार चल रहा है, सहमति बनते ही चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की पत्नी का बीते दिनों निधन हो गया था। उन्हें श्रद्धांजलि विधानसभा में दी गई।