भाजपा सरकार बनाने में करें सहयोग : गुलेरिया
पंचकूला : भारतीय जनता पार्टी के संगठन प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार विशुद्ध रूप से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार के गठन के संकल्प को पूरा करने में शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर कार्यरत कार्यकर्ता अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठनात्मक पार्टी है और यदि प्रत्येक कार्यकर्ता 'अबकी बार भाजपा सरकार' के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतरता है तो हरियाणा में भाजपा सरकार का गठन होना तय है।
भाजपा संगठन प्रभारी पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के पूर्वी मंडल के तहत पंचकूला के 19 सेक्टर स्थित सामुदायिक केन्द्र और पंचकूला के सेक्टर 12 में आयोजित शक्ति केन्द्र और बूथ स्तर की बैठकों के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प का होना अत्यंत आवश्यक है और संकल्प को पूरा करने के लिए समर्पण भाव होना चाहिए। भाजपा पूर्वी मंडल के अध्यक्ष हरेंद्र मलिक ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार के गठन में पंचकूला विधानसभा क्षेत्र की भूमिका अहम रहने वाली है। इस अवसर पर कालका विधानसभा के प्रभारी और हिमाचल प्रदेश किसान मोर्च के राज्य संयोजक बलदेव भंडारी और जिला महामंत्री अजय शर्मा ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।