रेलवे चलाया चेकिंग अभियान, 20 बेटिक यात्री पकड़े
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को सुबह रेलवे प्रशासन ने छापेमारी अभियान चलाया। उसमें बड़ी संख्या में बिना टिकट यात्री पकड़े गए। छापेमारी अभियान उत्तर रेलवे मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (सीसीएम) के करनाल दौरा करने के कारण चलाया गया। इससे बड़ी संख्या में टीटीई के दस्ते शान-ए-पंजाब रेलगाड़ी में कुरुक्षेत्र स्टेशन पहुंचे और यहां दबिश देकर बिना टिकट और सुपर फास्ट टिकट न लेकर यात्रा करने वालों पर दबिश दी। इस दौरान स्टेशन पर अधिकारी, कर्मचारी और रेलवे वेंडर सब मुस्तैद नजर आए, पहले से सूचना होने के कारण रेलवे स्टेशन पर व्यवस्था एकदम दुरुस्त थी।
सुबह लगभग नौ बजे ज्यों ही शान-ए-पंजाब रेलगाड़ी कुरुक्षेत्र स्टेशन पर पहुंची, भारी संख्या में टिकट निरीक्षकों के दस्ते ने तत्काल प्रभाव से स्टेशन पर दबिश दी। इस दौरान जो भी बिना टिकट यात्री मिला, तुरंत उसकी पर्ची काटी गई। यह अभियान लगभग आधे घंटे चला। इस अभियान में 20 टिकट निरीक्षक शामिल हुए। यह अभियान उत्तर रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (सीसीएम) के करनाल में दौरा करने के कारण चलाया गया था। इस दौरे के दौरान स्टेशन पर व्यवस्था एकदम दुरुस्त नजर आई। अमूमन स्टेशन पर भारी संख्या में अवैध वैंडर घूमते रहते हैं। शुक्रवार को स्टेशन पर कोई भी अवैध वैंडर नहीं था। स्टेशन पर बने हर स्टॉल पर तैनात वेंडर अपनी वर्दी में था। इसके अतिरिक्त सभी कर्मचारी अपनी पूरी वर्दी और पहचानपत्र के साथ नजर आए। स्टेशन पर साफ-सफाई का भी विशेष प्रबंध था।
एसएस के दफ्तर के बाहर भरा बारिश का पानी
रेलवे प्रशासन ने अपनी तरफ से पूरी व्यवस्था बना रखी थी, बारिश के कारण स्टेशन अधीक्षक के दफ्तर के बाहर पानी भर गया। उससे वहां मौजूद सफाई कर्मचारी खासी मशक्कत करते नजर आए। बारिश ने यात्रियों को भी परेशान किया। दिनभर हुई बरसात से रेलगाड़ियां का परिचालन तो प्रभावित नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों को बारिश में भीग कर गाड़ी जरूर पकड़नी पड़ी।
व्यवस्था देखकर यात्रियों ने जताई खुशी
स्टेशन पर व्यवस्था देखकर यात्री जयप्रकाश ने कहा कि आम दिनों की अपेक्षा आज स्टेशन पर व्यवस्था अधिक दुरुस्त की गई है। स्टेशन पर साफ सफाई देखकर साफ पता चलता है कि आज कोई न कोई अधिकारी आने वाला है। व्यवस्था बनी देख उनका कहना था कि रोज ऐसी व्यवस्था हो तो अधिकारियों को रोज यहां आना चहिए, कम से कम यात्रियों को तो परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।