दिन में धूप से मिली राहत, शाम को ठंड से ठिठुरे लोग
जागरण संवाददाता, करनाल : दिन में सूर्य देव के दर्शन होने से सर्दी से कुछ राहत जरूर मिली, ले
जागरण संवाददाता, करनाल : दिन में सूर्य देव के दर्शन होने से सर्दी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन जैसे ही सूर्य ढला तो शीत लहर के साथ फिर से ठिठुरन बढ़ गई। शीत लहर ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। ठंड ज्यादा होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शाम ढलने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। मौसम में परिवर्तन के कारण शाम के समय मार्केट की रौनक भी फीकी पड़ रही है। लोग शॉ¨पग का काम दिन में ही निपटा लेते हैं। बर्फीली हवा में लोग घरों से निकलकर स्वास्थ्य के साथ समझौता नहीं करना चाहते हैं। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव हो सकता है। बादल छाने के साथ-साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।
यह रहा शुक्रवार का तापमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 फीसदी दर्ज की गई, जो शाम तक घटकर महज 55 फीसदी रह गई। हवा 4.4 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली, जो शीत लहर में तब्दील हो गई। शाम के समय बर्फीली हवा ने लोगों को परेशान कर दिया है। सुबह के समय हवा का दबाव 6.5 फीसदी से बढ़कर 8.6 फीसदी तक पहुंच गया। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में बादल छा सकते हैं। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा।