लूट मामले में कुख्यात बदमाश बकरवाल हुआ अदालत में पेश
जागरण संवाददाता, करनाल यमुनानगर के व्यापारी से लाखों रुपये की लूट के मामले में नामजद कुख्
जागरण संवाददाता, करनाल
यमुनानगर के व्यापारी से लाखों रुपये की लूट के मामले में नामजद कुख्यात बदमाश मनोज बकरवाल को कड़े सुरक्षा घेरे के बीच अदालत में पेश किया गया। दिल्ली पुलिस उसे रोहिणी की जेल से लाई थी। अतिरिक्ति जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय वर्मा की अदालत में बुधवार को बहस नहीं हो सकी। न्यायाधीश ने बहस के लिए 16 फरवरी की तारीख लगाई है। बकरवाल की पेशी के दौरान जिला सचिवालय व न्यायिक परिसर के मुख्य द्वार पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए थे।
26 दिसंबर 2011 को व्यापारी जितेंद्र कुमार से करीब साढ़े आठ लाख रुपये की लूट हुई थी। करनाल पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए कुख्यात बदमाश मनोज बकरवाल सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। बकरवाल पर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व यूपी में हत्या, लूट व डकैती के 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। करनाल में की गई लूट की वारदात में बकरवाल के साथ जयदेव शामिल था। जयदेव को अदालत से जमानत मिल चुकी है। इस मामले में अब तक 14 गवाह अपने बयान दर्ज करवा चुके हैं। बकरवाल इस समय दिल्ली की जेल में बंद है। पेशी पर लाने के लिए उसके आसपास सुरक्षा का घेरा भी मजबूत रहता है। बहस नहीं होने के कारण पुलिस उसे हाजिरी लगवाने के बाद वापस दिल्ली ले गई।
जमानत की अर्जी दायर
व्यापारी से लूट के मामले में नामजद मनोज बकरवाल के वकील कैलाश बजाज व मोहित चौधरी ने अदालत में उसे जमानत दिए जाने की अर्जी दायर की है। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया है कि बकरवाल पिछले छह साल से जेल में है। ऐसे में अब उसे जमानत दी जानी चाहिए। जमानत पर 23 जनवरी को बहस होगी।