बम-बम भोले पर झूमी कर्णनगरी
जागरण संवाददाता, करनाल : करनाल जिले में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। कण
जागरण संवाददाता, करनाल : करनाल जिले में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। कर्ण नगरी बम-बम भोले के गीतों पर झूमी रही और भोले की बारात में लोग नाचते-गाते हुए चले। आकर्षक झांकियां लोगों को लुभाती रही। जगह-जगह भंडारे और स्टाल लगाकर प्रसाद वितरित किया गया।
रामलीला ग्राउंड में सनातन धर्म शिव मंदिर सभा पुराना सर्राफा बाजार की से निकाली गई शोभायात्रा को सांसद अश्विनी चोपड़ा ने रवाना किया।
सांसद ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व जीवन में मार्गदर्शन प्रदान करता है। भगवान शिव देवों के देव हैं तथा हमें जीवन के पग-पग पर त्याग व समर्पण का संदेश देते हैं। उन्होंने स्वामी रामदास महाराज का आशीर्वाद भी लिया। सभा के प्रधान अविनाश बंसल व पदाधिकारियों ने सांसद अश्रि्वनी चोपड़ा को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
विशिष्ट अतिथि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती ने कहा कि भगवान शिव कल्याण के देवता हैं और सभी के कल्याण की मंगल कामना वह भगवान शिव से करते हैं। इस दौरान मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य अमरनाथ सौदा, जगमोहन आनंद, पतंजलि योग समिति हरिद्वार के ट्रस्टी पदमसेन गुप्ता, समाजसेवी नरेंद्र गुप्ता, श्याम परिवार करनाल के प्रधान प्रवीन गोयल, नरेंद्र पंडित, शमशेर नैन, व पूर्व विधायक जयप्रकाश गुप्ता मौजूद रहे।
मुख्य मार्गो से होकर शोभायात्रा
शोभायात्रा रामलीला ग्राउंड से प्रारंभ होकर रघुनाथ मंदिर चौक से सदर बाजार होती हुई नावल्टी रोड, घंटाघर चौक, पुराना जीटी रोड, कर्ण गेट से होती सराफा बाजार स्थित शिव मंदिर पर संपन्न हुई। बैंडबाजों के साथ गुजरती हुई शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। शोभायात्रा की अगुवाई प्रभात फेरी की पालकी ने की, जिसके पीछे पीले वस्त्र धारण किए महिलाएं सिर पर क्लश रखकर चल रही थी।