निर्माणाधीन श्रमिक चौपाल के बेसमेंट में डूबने से किशोर की मौत
जागरण संवाददाता, पानीपत: वार्ड-10 की सैनी कालोनी में रंगोली डाइहाउस के पास निर्माणाधीन पावरलूम
जागरण संवाददाता, पानीपत: वार्ड-10 की सैनी कालोनी में रंगोली डाइहाउस के पास निर्माणाधीन पावरलूम श्रमिक चौपाल के 15 फीट गहरे बेसमेंट में भरे बारिश के पानी में एक किशोर की मौत हो गई।
घटना बृहस्पतिवार करीब ढाई बजे की है। सैनी कालोनी के रणधीर का 14 वर्षीय इकलौता बेटा मनदीप आरके पब्लिक स्कूल का छठी कक्षा का छात्र था। मनदीप स्कूल से आने के बाद बड़ी बहन मनीषा व सोनिया को यह कहकर घर से चला गया कि वह दोस्तों के साथ खेलने जा रहा है। मां दर्शना और पिता रणधीर फैक्ट्री गए थे। मनदीप सैनी कालोनी में निर्माणाधीन पावरलूम श्रमिक चौपाल के बेसमेंट में भरे बारिश के पानी में कई दोस्तों के साथ नहाने लगा। उसे तैरना नहीं आता था और पानी में डूब गया। बच्चों ने शोर मचाया। तभी सैनी कालोनी के सोनू ने पानी से मनदीप को बाहर निकाला। फिर उसे पीठ के बल लेटाकर मुंह से पानी निकाला गया, लेकिन मनदीप को होश नहीं आया। इसके बाद कालोनी की सोनू व अमित मनदीप को सामान्य अस्पताल ले गए, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मनदीप के शव को सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। मामले की सूचना मिलते ही किला थाना प्रभारी सुरेश पाल मौके पर पहुंचे और बेसमेंट में भरे पानी की गहराई नापी। मनदीप तीन बहनों का इकलौता भाई था। बड़ी सोनिया की शादी हो चुकी है। इस बारे में किला थाना प्रभारी सुरेश पाल ने बताया कि मृतक केपिता रणधीर के बयान पर पावरलूम श्रमिक सेवा समिति कुटानी रोड के खिलाफ धारा 304 ए (गैर इरादतन हत्या) का केस दर्ज कर लिया है।
पिता का रेहड़ी पर भी हाथ बंटाता था मनदीप
रणधीर दिन में फैक्ट्री में काम करता है और शाम को सैनी कालोनी में अंडे की रेहड़ी लगाते हैं। मनदीप पढ़ाई में होशियार था। वह शाम को रेहड़ी पर पिता का हाथ बटाता था। मनदीप की मौत से सैनी कालोनी में मातम छाया हुआ है। मनीषा रोते हुए बता रही थी कि उसे नहीं पता था कि भाई मनदीप नहाने जा रहा है। अगर उसे जानकारी होती तो वह उसे घर से बाहर नहीं जाने देती। रणधीर व दर्शना का इकलौते बेटे की मौत से रो-रोकर बुरा हाल है।
कई महीने से कर रहे हैं शिकायत, नहीं की सुनवाई
सैनी कालोनी के गिरधारी, धर्मवीर, रामकरण, कश्मीर लाल और किताब सिंह ने बताया कि कई महीने से मंदिर कमेटी को शिकायत कर रहे हैं कि बेसमेंट को बंद करा दिया जाए। यहां पर हादसा हो सकता है। उनकी कोई सुनवाई नहीं की कई। आसपास का चाहरदीवारी भी नहीं कराई गई। बेसमेंट ऐसे ही खुला रहा तो और भी हादसा हो सकता है।
जल्द बसमेंट पर लैंटर डलवाया जाएगा
वार्ड-10 के पार्षद अशोक कटारिया ने बताया कि सैनी कालोनी में पावरलूम श्रमिक चौपाल का निर्माण होना है। पानीपत ग्रामीण विधायक के कोटे से नौ लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। मार्च महीने से निर्माण बंद था। शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के कोटे से 11 लाख की ग्रांट मंजूर हो चुका है। इसका वर्क आर्डर भी हो गया है। बारिश के खत्म होते ही बेसमेंट पर लैंटर डलवा दिया जाएगा। वहीं इस बारे में पावरलूम श्रमिक सेवा समिति के संगठन मंत्री राजकुमार का कहना है कि उसे शिकायत नहीं मिली थी।
नाले में डूबने से हो गई थी बच्चे की मौत
7 जुलाई को बबैल रोड स्थित भारत नगर में दो बहनों के इकलौते भाई तीन वर्षीय वैभव पुत्र प्रमोद की नाले में डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना को लोग भूले भी नहीं थे कि एक सप्ताह बाद बेसमेंट में जमा पानी में डूबने से सैनी कालोनी के मनदीप की मौत हो गई।