24 घंटे में 100 एमएम हुई बरसात
जागरण संवाददाता, कैथल : रविवार को 24 घंटे तेज हवा के साथ हुई बरसात से गेहूं सहित अन्य फसलों को भा
जागरण संवाददाता, कैथल :
रविवार को 24 घंटे तेज हवा के साथ हुई बरसात से गेहूं सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जिले में करीब 100 एमएम बरसात दर्ज की गई है। बरसात व तेज हवा के कारण न्यूनतम तापमान 15.3 व अधिकतम तापमान 18.5 दर्ज किया गया है।
रविवार रात को बरसात के साथ 17 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चली है। बरसात व तेज हवा के चलने से कई जगह पेड़ भी सड़कों पर गिर गए हैं। इस कारण सुबह के समय रास्ता बाधित रहा। वहीं गेहूं सहित आलू, हरी सब्जियां व सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। गेहूं की फसल में 25 से 30 प्रतिशत नुकसान होने की संभावनाएं हैं। वहीं सब्जी की खेती करने वाले किसानों को भी फसल खराब होने से भारी नुकसान होने की संभावनाएं हैं।
चौधरी चरण सिंह धान अनुसंधान केंद्र कौल के कृषि एवं मौसम विज्ञानी डा. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि 24 घंटे लगातार हुई बरसात से गेहूं की फसल प्रभावित हुई है। वहां ज्यादा फसल प्रभावित हुई जहां किसानों ने बरसात होने से पूर्व पानी दिया हुआ था। बरसात होने के कारण फसल अब जमीन पर गिर गई है। इससे पौधा तो कमजोर होगा ही साथ में दाना भी कमजोर पड़ जाएगा। बाद में उत्पादन पर इसका असर पड़ेगा।
वहीं बरसात व तेज हवा के कारण एक बार फिर ठंड बढ़ी गई है। लोग सोमवार को ठंड के चलते गर्म कपड़ों में नजर आए।
रात को हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञानी डॉ. डागर ने बताया कि सोमवार रात को भी तेज बरसात हो सकती है। बरसात के साथ हवा के चलने की भी संभावनाएं है। वहीं मंगलवार को आसमान में बादल तो छाए रहेंगे लेकिन बरसात कम होने की संभावना है। बुधवार को मौसम साफ रहेगा।