आसमान से फिर बरसने लगी आग, 46 डिग्री पर तापमान
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ : मौसम का मिजाज एक फिर तीखा हो गया है। शुक्रवार को तापमान 45 डिग्री को
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
मौसम का मिजाज एक फिर तीखा हो गया है। शुक्रवार को तापमान 45 डिग्री को भी पार कर गया। यह अधिकतम 46 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस बार का पारे का सबसे ऊंचा स्तर है। इससे जनजीवन झुलस उठा। फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे है।
तापमान का पारा शुक्रवार को इस सीजन की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। ऐसे में जनजीवन की मुश्किलें बढ़ गई। लू के प्रकोप से पूरा क्षेत्र तप उठा। इंसान हो या परिदे किसी को इस भीषण गर्मी में चैन नही मिला। तीखे तेवरों के बीच बिजली की किल्लत ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया। पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रही गर्मी ने ऐसी दिक्कतें खड़ी की कि लोगों का घरों से बाहर निकलना तक आसान नहीं रहा। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग शीतल पेय को हाथोंहाथ ले रहे है। बाजार में कोल्ड ड्रिक की बजाय नींबू पानी और बेलगिरी व पुदीना पानी को अधिक तवज्जाो दी जा रही है। इससे गर्मी के मौसमी व्यवसाय में भी गर्मी आई हुई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस महीने के आखिर तक तापमान एक डिग्री तक और बढ़ सकता है। लोगों में यह सोचकर भी चिंता पैदा हो रही है कि मई के आखिर में तापमान का पारा 45 डिग्री को पार कर गया है तो जून माह की गर्मी न जाने क्या सितम ढाएगी। लगातार भीषण रूप ले रही गर्मी के बीच लू का प्रकोप इस सप्ताह में और तेज होने के प्रबल आसार है। जनजीवन पर भी मौसम में फिर से बदलाव का असर साफ नजर आया। दुपहिया वाहनों पर चलना मुश्किल हो रहा है।
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी
शुक्रवार को मौसम ने लोगों की दिक्कतें और बढ़ा दी। इस दिन अधिकतम 46 और न्यूनतम 30 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पिछले 24 घटों में इनमें दो से तीन डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। सुबह से दोपहर तक तो उमस बनी रही। उसके बाद पश्चिमी हवा से लू का प्रकोप तेज हो गया।